CBI ने पूर्व DIG भुल्लर पर की कार्रवाई : आय से अधिक संपत्ति का केस किया दर्ज, 14 दिन पहले रिश्वत केस में पकड़े थे

चंडीगढ़ पंजाब के पूर्व DIG हरचरण सिंह भुल्लर पर CBI ने आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज कर लिया है। ये केस बुधवार को चंडीगढ़ CBI की इंस्पेक्टर सोनल मिश्रा की शिकायत पर दर्ज किया गया। मामले की जांच चंडीगढ़ CBI के अधिकारी कुलदीप सिंह को सौंपी गई है। 16 अक्टूबर को रिश्वत केस में पूर्व DIG को बिचौलिए कृष्नु के साथ पकड़ा था। वह अभी चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में बंद हैं।इससे पहले CBI ने बिचौलिए कृष्नु को पहली बार 9 दिन की रिमांड लिया है। यह रिमांड भुल्लर की 14 दिन की न्यायिक हिरासत खत्म होने में ठीक 2 दिन पहले मिला है। 31 अक्टूबर को भुल्लर की पेशी होनी है।

पढ़िए क्या थी शिकायत

5 लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा था

मामला मंडी गोबिंदगढ़ के कारोबारी आकाश बत्ता की 11 अक्टूबर की शिकायत और 15 अक्टूबर की रिपोर्ट के आधार पर दर्ज किया गया। ट्रैप के दौरान बिचौलिए कृष्नु को शिकायतकर्ता से 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जो डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की ओर से यह राशि ले रहा था। बाद में हरचरण सिंह भुल्लर और बिचौलिया कृष्नु दोनों को 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगने और स्वीकारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

कोठी से कैश, गहने और महंगी घड़ियां मिलीं

शिकायत में आगे लिखा कि 16 और 17 अक्टूबर को हरचरण सिंह भुल्लर के घर (मकान नंबर 1489, सेक्टर 40-बी, चंडीगढ़) पर तलाशी ली गई। इस दौरान 7 करोड़ 36 लाख 90 हजार रुपए पैसे मिले, जिनमें से 7 करोड़ 36 लाख 50 हजार रुपए जब्त कर लिए गए। इसके अलावा, उनके बेडरूम से 2 करोड़ 32 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने और 26 महंगी ब्रांडेड घड़ियां मिलीं।

खुद और परिवार के नाम पर है प्रॉपर्टी

घर से कई प्रॉपर्टियों के कागज भी मिले हैं। जिनमें चंडीगढ़ के 2 घरों (सेक्टर 40-बी और सेक्टर 39) और मोहाली, होशियारपुर व लुधियाना में लगभग 150 एकड़ जमीन के दस्तावेज शामिल हैं। ये प्रॉपर्टियां हरचरण सिंह भुल्लर, उनकी पत्नी तेजिंदर कौर भुल्लर, बेटे गुरप्रताप सिंह भुल्लर, बेटी तेजकिरण कौर भुल्लर और अन्य के नाम पर हैं। भुल्लर और उनके परिवार के पास मर्सिडीज, ऑडी, इनोवा और फॉर्च्यूनर जैसी 5 महंगी गाड़ियां भी मिलीं।

Share This Article
Leave a comment