सीमा पार से हथियार सप्लाई का खुलासा: पठानकोट में AK-47 और विदेशी पिस्टल जब्त, BKI मॉड्यूल एक्टिव

पठानकोट-पंजाब के जिला पठानकोट की पुलिस ने पाकिस्तान की सीमा पर खेतों से हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने सूचना पर सीमा से सटे नरोट जैमलसिंह इलाके में चेकिंग की। यहां से तीन AK-47, पांच मैगजीन, तुर्की और चाइना मेड एक-एक पिस्तौल, 2 मैगजीन, 98 कारतूस मिले हैं।

पुलिस का दावा है कि ये हथियार पाकिस्तान की तरफ से भेजे गए हैं। आतंकी संगठन बब्बर खालसा के आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा ने ISI के इशारे पर पंजाब का माहौल खराब करने के लिए असलहा भेजा, जिसे पुलिस ने गुप्त सूचना पर बरामद कर लिया।

बॉर्डर पार से हथियार आने की सूचना मिली

DIG बार्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि पठानकोट की नरोट जैमलसिंह थाना पुलिस को शनिवार को सूचना मिली थी कि बॉर्डर पार से हथियारों की खेप आ रही है। CIA इंचार्ज समेत पुलिस पार्टी थाना नरोट जैमल सिंह में पड़ते बमियाल चौक पर मौजूद थी।

इस दौरान पता चला कि बब्बर खालसा के आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा, निवासी श्री हजूर साहिब नांदेड़ महाराष्ट्र ने हथियार और गोला बारूद की खेप पाकिस्तान से भेजी है। इस खेप को नरोट जैमल सिंह के एरिया में छिपाया गया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर रेड कर हथियार बरामद कर लिए।

बड़ी वारदात को दिया जाना था अंजाम

DIG बार्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि आतंकी रिंदा पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश करता रहता है। उसने इन हथियारों को भेजकर अपने किसी आदमी से बड़ी वारदात को अंजाम दिलाना था। पुलिस ने अपनी ह्यूमन इंटेलिजेंस से हथियारों को बरामद कर लिया। इस संबंधी अज्ञात के खिलाफ थाना नरोट जैमल सिंह में बब्बर खालसा इंटरनेशनल के मुख्य सरगना हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एक्सप्लोसिव सबस्टेंस एक्ट -1908, 25-54-59 आर्म्स एक्ट- 1959, 111 BNS के तहत केस दर्ज किया है।

Share This Article
Leave a comment