वाराणसी। काशी में आज कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाई जा रही है। CM योगी ने नमो घाट पर पहला दीप जलाया। 84 घाटों पर 25 लाख दीये जलाए जा रहे हैं। 15 लाख दीयों का इंतजाम पर्यटन विभाग ने और 10 लाख का समितियों व काशीवासियों ने किया है। 2024 में 20 लाख दीये जलाए गए थे। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली देव दीपावली इस बार ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर है। वहीं, दशाश्वमेध घाट पर महाआरती की गई। इसमें एक लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। थोड़ी देर में लेजर शो और आतिशबाजी की जाएगी। सीएम क्रूज पर बैठकर इस भव्य आयोजन का आनंद लेंगे। देव दीपावली मनाने 40 से ज्यादा देशों के लोग वाराणसी पहुंचे हैं। जयपुर और कोलकाता के 70 श्रद्धालु एक जैसी ड्रेस पहनकर पहुंचे। देवों की दीपावली की कहानी त्रिपुरासुर के संहार से जुड़ी है। तब शिव को त्रिपुरारी नाम मिलते ही देवता धरती पर उतर आए थे।
देव दीपावली काशी ही नहीं, प्रयागराज और मथुरा में भी मनाई जा रही है। प्रयागराज में 5 लाख और मथुरा 2 लाख दीये जलाए गए। इससे पहले अयोध्या में 19 अक्टूबर को दिवाली मनाई गई थी। जिसमें राम की पैड़ी पर 29 लाख से ज्यादा दीये जलाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया था।

तस्वीरें देखिए…

घाट की सीढ़ियों को सजाया गया है। आस-पास झालरें भी लगाई गई हैं।

देव दीपावली पर काशी के अस्सी घाट का नजारा। पूरा घाट जगमगा रहा है।

यह फोटो अस्सी घाट की है। जहां पर लोगों गंगा आरती में शामिल होने पहुंचे हैं।

गंगा पार रेती पर दीप जलाए गए हैं।

देव दीपावली देखने के लिए विदेशी पर्यटक भी घाटों पर मौजूद रहे।
