जालंधर– जालंधर में भोगपुर हाईवे पर किशनगढ़ चौक के पास घने कोहरे के कारण ट्रक और संगत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात घायल हो गए। टक्कर के बाद दोनों वाहन सर्विस लेन पर पलट गए, जिससे कुछ देर यातायात बाधित रहा।
सड़क सुरक्षा फोर्स ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को क्रेन से हटवाया और शवों को सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं जालंधर-दिल्ली NH पर धुंध में एक के बाद एक 6 कारें टकरा गईं। इसमें किसी को चोट नहीं आई है। इससे पहले जालंधर डीएवी कॉलेज और वेस्ट एरिया में दो कारें रोड न दिखने के कारण गंदे नाले और सीवरेज के लिए खोदे गड्ढे में गिर गईं। इससे इनमें सवार 7 लोगों का बचाव हो गया।

अड्डा किशनगढ़ में एक्सीडेंट, ट्रक- ट्रैक्टर में टक्कर, ट्रक के नीचे दबा रेहड़ी चालक
जालंधर की चौकी अलावलपुर से सूचना के बाद मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा टीम के एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि जालंधर से भोगपर जा रहा ट्रक की टक्कर ट्रैक्टर-ट्राली के साथ हो गई। ट्राली में संगत बैठी थी और अलावलपुर साइड से करतारपुर जा रही थी। टक्कर के कारण ट्रक ड्राइवर ने बचाव की कोशिश की लेकिन ट्रक पलट गया। इससे नीचे दबने से जुगाड़ू रेहड़ी वाले की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान ट्राली में से एक व्यक्ति गिर गया जिसके सिर में चोट लग गई और उसकी भी मौके पर मौत हो गई। टीम ने पहले सेफ्टी कोना लगाकर सड़क को सुरक्षित किया और नेशनल हाईवे की मदद से डेड बॉडी बाहर निकाली। इसके बाद चौकी अलावलपुर की मदद से दोनों डेडबॉडी को चौकी अलावलपुर के हवाले कर दिया। एएसआई ने बताया कि मृत की पहचान परविंदर पाल निवासी अर्जुनवाल जिला जालंधर के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। ट्रक को अमृतपाल सिंह निवासी हंबड़ा जिला होशियारपुर चला रहा था। ट्रैक्टर ड्राइवर सुखविंदर सिंह था।
