जालंधर पुलिस की बड़ी कामयाबी : घरों में लूटपाट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल व दात बरामद

जालंधर- जालंधर में घरों में लूटपाट की वारदातों पर नकेल कसते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। माननीय श्रीमती धनप्रीत कौर IPS, पुलिस कमिश्नर जालंधर के निर्देशों पर चलाए जा रहे लुटेरों व स्नैचरों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत, एडीसीपी-2 जालंधर श्री हरिंदर सिंह गिल PPS के सक्षम नेतृत्व और एसीपी मॉडल टाउन श्री परमिंदर सिंह PPS की देखरेख में थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

थाना डिवीजन नंबर 6 जालंधर में मुकदमा नंबर 11 दिनांक 14.01.2026 धारा 309(4) BNS के तहत मिसेज प्रवीन खन्ना पत्नी राजिंदर खन्ना निवासी मकान नंबर 110, लाजपत नगर जालंधर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार वह घरेलू काम करती हैं और किराए के मकान के निचले हिस्से में रहती हैं, जबकि ऊपर के हिस्से में न्यू रूबी अस्पताल की एक स्टाफ नर्स रहती है, जिस कारण घर का मुख्य गेट अक्सर खुला रहता था।

दिनांक घटना को करीब दोपहर 3:15 बजे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक घर में घुस आए, जिन्होंने महिला का मुंह बांधकर उसे सोफे पर बैठा दिया, हाथ चेहरे पर रखकर आतंकित किया और उसके हाथों से सोने की चूड़ियां व अंगूठी, कानों से झुमके, तथा अलमारी से करीब 14-15 हजार रुपये नकद लूट लिए।

जांच के दौरान एएसआई सुशील कुमार नंबर 2258 की निगरानी में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले आरोपी सोनू कुमार महतो को 19.01.2026 को गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर अन्य दो आरोपी गुरदीप सिंह और कृष्णा को 22.01.2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर PB08-FU-8261 और एक दात (तेजधार हथियार) बरामद की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जालंधर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Share This Article
Leave a comment