जालंधर दहला : प्रॉपर्टी डीलर की फॉर्च्यूनर पर फायरिंग, टक्कर के बाद एक्टिवा छोड़ भागे बदमाश

जालंधर- जालंधर के रामा मंडी क्षेत्र के काकी पिंड में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सरेआम गोलियों की आवाजें गूंज उठीं। श्यामा नंगल की ओर से आए एक्टिवा सवार हमलावरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की फॉर्च्यूनर गाड़ी को निशाना बनाया।

हमले के दौरान प्रॉपर्टी डीलर ने सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए अपनी फॉर्च्यूनर से हमलावरों की एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हमलावर मौके पर ही एक्टिवा छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का मानना है कि यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पीछा कर रहे थे हमलावर

जानकारी के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर अपनी फॉर्च्यूनर में सवार होकर जा रहा था। श्यामा नंगल से ही एक्टिवा सवार युवक उसका पीछा कर रहे थे। काकी पिंड के पास पहुंचते ही हमलावरों ने गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय फॉर्च्यूनर सवार ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे हमलावर सड़क पर गिर पड़े।

फॉर्च्यूनर सवार ने बचाव में की फायरिंग

बताया जा रहा है कि बचाव में फॉर्च्यूनर सवार की ओर से भी 2 से 3 राउंड फायर किए गए। खुद को घिरता देख हमलावर अपनी एक्टिवा मौके पर ही छोड़कर गलियों के रास्ते फरार हो गए। सरेआम हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग दुकानों और घरों के अंदर दुबक गए। गनीमत रही कि इस पूरी घटना में कार सवार सुरक्षित हैं।

मामले की जांच कर रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही रामा मंडी थाने की पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से हमलावरों की एक्टिवा को कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

Share This Article
Leave a comment