पंजाब कांग्रेस में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम : नवजोत कौर सिद्धू कांग्रेस से निष्कासित

अमृतसर पंजाब कांग्रेस में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पार्टी ने पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को कांग्रेस से निष्कासित कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने स्वयं जानकारी दी।

वे आज अमृतसर में डॉक्टर राजकुमार वेरका के निवास स्थान पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कई अहम मुद्दों पर पंजाब और केंद्र सरकार को घेरा। भूपेश बघेल ने साफ कहा नवजोत कौर सिद्धू पहले पार्टी से निलंबित थी, जबकि अब उन्हें अब निष्कासित कर दिया गया है।

मीडिया से बातचीत के दौरान भूपेश बघेल ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार द्वारा किए गए कानूनी बदलाव गरीबों, मजदूरों और कमजोर वर्गों के खिलाफ हैं। बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकारों के दौरान सोनिया गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए कई मजबूत कानून बनाए गए थे, लेकिन आज उन्हें कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक पूरी ताकत से लड़ेगी।

भूपेश बघेल ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि राज्य में हालात पूरी तरह बिगड़ चुके हैं। अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो गया है और हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जालंधर में आम आदमी पार्टी के एक कार्यकर्ता की हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना सरकार की नाकामी को उजागर करती है।

अंत में भूपेश बघेल ने कहा कि ड्रग माफिया और माइनिंग माफिया ने पंजाब को अंदर से कमजोर कर दिया है और कांग्रेस पार्टी प्रदेश के लोगों के हक के लिए इस लड़ाई को और तेज करेगी।

Share This Article
Leave a comment