अमेरिका भेजे जाने वाले पार्सल में मिली अफीम : रजाई में छिपाई थी, ₹10 लाख से ज्यादा कीमत; लुधियाना में राजस्व खुफिया निदेशालय की कार्रवाई

DRI के अधिकारियों ने कब्जे में ली अफीम।
लुधियाना पंजाब के लुधियाना में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) जोनल यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.3 लाख रुपए मूल्य का 735 ग्राम अफीम जब्त किया है। यह अफीम पंजाब के फिरोजपुर से कैलिफोर्निया (अमेरिका) भेजे जा रहे एक पार्सल से बरामद हुई है। पार्सल के जरिए यह अफीम छिपाकर भेजी जा रही थी।

DRI अधिकारियों को विशेष खुफिया जानकारी मिली थी कि एक पार्सल में एनडीपीएस अधिनियम 1985 का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित सामग्री छिपाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर DRI की टीम ने डीएचएल एक्सप्रेस ढंडारी कलां में एक पार्सल को रोका।

कार्बन पेपर से प्रत्येक पैकेट को था लपेटा

पार्सल की गहन जांच करने पर अधिकारियों को 4 पैकेट मिले जिनमें अफीम थी। प्रत्येक पैकेट को कार्बन पेपर से लपेटा गया था और पारदर्शी टेप से पैक किया गया था। ये पैकेट एक रजाई में छिपाए हुए थे। जिसमें पैकेटों को छिपाने के लिए एक छोटा सा छेद बनाया गया था।

डीआरआई ने अफीम जब्त की

तस्कर घरेलू और खाद्य वस्तुओं की आड़ में प्रतिबंधित सामग्री की तस्करी करने की कोशिश कर रहे थे। DRI ने एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत अफीम को जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a comment