जगराओं, लुधियाना- लुधियाना के जगराओं में सिधवां बेट के मालखाने से करोड़ों रुपए की ड्रग मनी गायब करने के आरोप में गिरफ्तार मुंशी गुरदास से पुलिस ने 13 लाख रुपए बरामद किए हैं। पुलिस रिमांड के दौरान गुरदास सिंह ने स्वीकार किया था कि उसने लाखों रुपए अपने घर में छिपा रखे थे।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस आरोपी गुरदास को उसके घर ले गई। वहां उसने अपने आंगन में दबाकर रखे 10 लाख रुपए दबाकर रखे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने अलमारी से 3 लाख रुपए और बरामद किए। इससे कुल बरामदगी 13 लाख रुपए हो गई। गुरदास का चार दिन का पहला पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद उसे दोबारा अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे चार दिन के अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले शुक्रवार को एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने आरोपी मुंशी गुरदास को निलंबित करने का आदेश जारी
किया था।
जांच कमेटी ने शुरू की मालखाने की जांच
एसएसपी अंकुर गुप्ता ने एसपी डी के नेतृत्व में जो कमेटी बनाई है, उसने मामले की जांच करनी शुरू कर दी है। कमेटी मालखाने में रखे गए सामान की जांच कर रही है और साथ ही आरोपी से पूछताछ भी कर रही है। कमेटी ने मालखाने के रिकार्ड और वहां मौजूद सामान की एक एक करके जांच करनी शुरू कर दी है।
मालखाने के मुंशी पर सवा करोड़ रुपए गायब करने के आरोप
गुरदास सिंह को लगभग तीन साल पहले मालखाने की जिम्मेदारी मिली थी। वर्ष 2023 में पुलिस ने एक बड़े नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया था, जिसमें भारी मात्रा में ड्रग मनी बरामद हुई थी। यह रकम मालखाने में जमा की गई थी। आरोप है कि जुए की लत के कारण गुरदास सिंह की नीयत बदल गई और उसने धीरे-धीरे सवा करोड़ रुपए की ड्रग मनी गायब कर दी।
