रोपड़ (रूपनगर) । पंजाब पुलिस के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) अमर सिंह की अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने के कारण मौत हो गई। आज (रविवार) सुबह करीब 5 बजे रोपड़ के एएसआई अमर सिंह बर्मला चेक पोस्ट पर थे, तभी उन्हें गोली लगी।
नंगल के DSP हरकिरत सिंह का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि एएसआई पिस्टल साफ कर रहे थे, तभी गोली लग गई। पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जानें पूरा मामला…
- पिस्टल साफ करते समय गोली चलीः जानकारी के अनुसार, रोपड़ के एएसआई अमर सिंह आज सुबह बर्मला चेक पोस्ट पर तैनात थे। तभी वो अपनी पिस्टल साफ कर रहे थे और उन्हें गोली लग गई। गोली उनके सिर में लगने से मौके पर उनकी जान चली गई।
- हाल ही में बर्मला चेक पोस्ट पर तैनात हुएः इससे पहले एएसाई नंगल थाने में तैनात थे, कुछ समय पहले ही उनकी तैनाती बर्मला चेक पोस्ट पर की गई थी। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से मौत की असली वजह अचानक हुए फायर को बताया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सब साफ हो पाएगा।
- ऑस्ट्रेलिया में रहता है एक बेटाः जानकारी के अनुसार, ASI के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। जिसमें से एक बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है। जबकि पत्नी और एक बेटा नंगल की प्रीत कॉलोनी में रहते हैं।
DSP बोले- एक्सीडेंटल फायरिंग का मामला
नंगल के DSP हरकिरत सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह एक एक्सीडेंटल फायरिंग का मामला लग रहा है। उन्होंने कहा, “ASI अपनी सरकारी पिस्टल को साफ कर रहे थे, उसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना के समय वह ड्यूटी पॉइंट पर अकेले मौजूद थे। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।”
