अमृतसर- पंजाब पुलिस के गैंगस्टरों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तीसरे दिन अमृतसर में पुलिस और बदमाश की मुठभेड़ हो गया। इस दौरान क्रॉस फायरिंग में बदमाश जसपाल उर्फ भट्टी घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बॉर्डर रेंज के DIG संदीप गोयल ने बताया कि घायल आरोपी जसपाल उर्फ भट्टी जिला होशियारपुर का रहने वाला है। उस पर करीब एक साल पहले कपूरथला में हत्या का केस है। वारदात के बाद से वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। ऑपरेशन प्रहार के दौरान यह छठा एनकाउंटर है। DGP गौरव यादव ने वॉर ऑन गैंगस्टर का ऐलान करते हुए 72 घंटे के ऑपरेशन प्रहार का ऐलान किया था। जिसका आज आखिरी दिन है।
स्पेशल DGP अर्पित शुक्ला ने ऐलान किया कि लोग गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गैंगस्टर, उनके सहयोगियों और साथियों के बारे में सूचना दें। अगर गिरफ्तारी हुई तो पुलिस 10 लाख रुपए का इनाम देगी। पंजाब पुलिस पहले 48 घंटे में गैंगस्टरों के 2500 सहयोगी पकड़ चुकी है। आज यानी बुधवार को इसका आखिरी दिन है।

एनकाउंटर के बाद मौके पर तैनात पुलिस फोर्स, मुलाजिमों को बुलेटप्रूफ जैकेट भी पहनाई गई है।
- गुप्त सूचना पर की गई नाकाबंदी: डीआईजी संदीप गोयल के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कपूरथला में कत्ल कर भागा आरोपी भट्टी अमृतसर देहाती क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम की टीम वहां रवाना की गई। टीम ने वहां पहुंचते ही एरिया में नाकाबंदी कर दी। इसके बाद उसे रोकने की कोशिश की गई तो उसने पुलिस को देख फायरिंग शुरू कर दी।
- जवाबी फायरिंग में लगी गोली:
- DIG ने बताया कि आरोपी के फायरिंग करने के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग का जवाब दिया। इस दौरान पुलिस की तरफ से चलाई गोली जसपाल उर्फ भट्टी की टांग में लग गई। जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक आरोपी की हालत स्थिर है।
- चाइना मेड पिस्टल बरामद: मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाइना मेड पिस्टल भी बरामद की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी कई संगीन मामले दर्ज हैं। उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
