जालंधर में सेल्समैन की दातर से हत्या: सिर पर वार से खोपड़ी टूटी, उंगली कटी; झगड़े के बाद मैकेनिक ने बेरहमी से पीटकर मार डाला

जगदीप जिसका जालंधर के स्पोर्ट्स कॉलेज के पास घेरकर कत्ल कर दिया गया।
जालंधर जालंधर में 3 लड़कों ने पीट-पीटकर युवक का कत्ल कर दिया। युवक एक बाइक शोरूम में काम करता था। जब वो घर लौट रहा था, तभी तीनों ने पहले युवक को घेरकर पीटा, फिर उसके सिर पर दातर से हमला कर दिया।

हमले के बाद जब घायल युवक चिल्लाया तो आसपास के दुकानदार इकट्ठा हो गए। लोगों को अपनी तरफ आते देखे आरोपी भाग गए। युवक बुरी तरह घायल था, उसके सिर से काफी खून बह गया था। लोगों ने उससे परिजनों की जानकारी लेकर उन्हें संपर्क किया। जिसके बाद उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल पहुंचकर पता चला कि युवक की खोपड़ी की हड्डी टूटकर ब्रेन में जा घुसी थी। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। थाना बस्ती बावा खेल पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।

युवक जगदीप की हत्या के बाद बहन सिमरनजीत कौर जानकारी देती हुईं।
युवक जगदीप की हत्या के बाद बहन सिमरनजीत कौर जानकारी देती हुईं।

जानिए पूरा मामला…

  • 1 जनवरी को हुआ हमला, आज मौतः पुलिस ने बताया कि युवक पर 1 जनवरी को जालंधर के कपूरथला चौक के पास हमला किया गया था। सिर में चोट के कारण गंभीर हालत में उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी।
  • बाइक शोरूम में सेल्समेन था युवकः युवक की पहचान जगदीप (32) के रूप में हुई है। युवक न्यू दशमेश नगर का रहने वाला था। जगदीप की बहन सिमरनजीत कौर ने बताया कि वो स्पोर्ट्स कॉलेज के सामने स्थित बाइक शोरूम में सेल्समैन था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी।
  • मैकेनिक से विवाद हुआः बहन ने बताया कि 1 जनवरी को जगदीप का शोरूम की वर्कशॉप में काम करने वाले मैकेनिक कृष्णा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। हालांकि, यह विवाद उस समय सुलझ गया था, लेकिन कृष्णा ने बाद में अपने 2 साथियों के साथ हमला कर दिया।
  • युवक रात साढ़े 9 बजे शोर रूम से निकला तो घेरा: जगदीप रात साढ़े 9 बजे शोरूम से बाहर निकला था। जैसे ही वह सड़क पर आया तो पहले से खड़े कृष्णा और उसके साथ आए 2 युवकों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इस पर एक युवक ने दातर निकाला और जगदीप के सिर पर वार कर दिया। इसमें उसकी हाथ की उंगली भी कट गई।
  • सिर में दातर मारने से खोपड़ी की हड्डी का टुकड़ा ब्रेन में घुसा: बहन सिमरनजीत कौर ने बताया कि युवकों ने जगदीप के सिर पर दातर से कई वॉर किए। इससे उसकी खोपड़ी की हड्डी का टुकड़ा टूटकर ब्रेन में चला गया। डॉक्टरों के अनुसार ब्रेन में हड्डी का टुकड़ा जाने से उसका आपरेशन किया गया, लेकिन फिर भी जान नहीं बचाई जा सकी।
  • लोग एकत्रित हुए तो भाग गए आरोपीः हमले के बाद जब युवक चिल्लाया तो आसपास के लोग आ गए, जिन्हें देख आरोपी भाग गए। शो रूम कर्मियों ने जगदीप के घायल होने की सूचना परिवार को दी। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को प्राइवेट अस्पताल ले गए, फिर सिविल अस्पताल और अंत में श्री राम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आज मंगलवार दोपहर साढ़े 3 बजे उनकी मौत हो गई।
  • कल होगा पोस्टमॉर्टम, डॉक्टरों का पैनल गठितः पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है परिवार के कहने पर पोस्टमॉर्टम के लिए डॉक्टरों का पैनल गठित कर दिया है। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद कत्ल की धाराओं में बढ़ौतरी की जाएगी।

बस्ती बाबा खेल के ASI पर लापरवाही बरतने का आरोप

परिवार और एक समाजसेवी ने बस्ती बाबा खेल के एएसआई नीला राम पर केस में लापरवाही बरतने और तुरंत केस दर्ज न करने का आरोप लगाया। परिवार ने कहा कि जब उन्होंने घटना के बाद थाने में सूचना दी तो पुलिस का कहना था कि थाने आकर शिकायत दें।

खुद पर लगे आरोपों के जवाब में ASI नीला राम ने कहा कि जब परिवार का फोन आया तो तुरंत कार्रवाई की गई है। परिवार को गलतफहमी हो रही है और कुछ लोग मौत के बहाने परिवार को उकसा रहे हैं। पुलिस ने अपनी पूरी कार्रवाई की है और अब आरोपियों को अरेस्ट करने के लिए टीम बना दी है।

Share This Article
Leave a comment