चंडीगढ़- चंडीगढ़ के 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। धमकी मिलने वाले स्कूलों में सेक्टर-25 स्थित चितकारा इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-16 का मॉडल स्कूल, सेक्टर-45 का सेंट स्टीफन स्कूल, सेक्टर-35 का मॉडल स्कूल और सेक्टर-19 का मॉडल स्कूल शामिल हैं।
धमकी मिलने के बाद ज्यादातर सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। बच्चों के वापस घर भेज दिया गया। मौके पर चंडीगढ़ पुलिस के एसएसपी, बम स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पहुंची हैं। स्कूल परिसरों की तलाशी ली जा रही है। अब तक किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु बरामद होने की सूचना नहीं है।
धमकी के बाद चंडीगढ़ के शिक्षा विभाग ने कहा कि सभी स्कूलों से कहा जाता है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की बेवजह अफवाह या डर न फैलाएं। अगर किसी स्कूल को कोई धमकी वाला ई-मेल या मैसेज मिलता है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि नियमों के मुताबिक जरूरी कार्रवाई हो सके। स्कूलों को बिना पक्की और सही जानकारी के छुट्टी न करने की सलाह दी जाती है। इससे बच्चों, माता-पिता और आम लोगों में बेवजह डर और गलतफहमी फैल सकती है। सभी स्कूल सामान्य रूप से पढ़ाई जारी रखें और सतर्क रहें।
धमकी के बाद पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और धमकी की सच्चाई की जांच में जुटी हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों के आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।






