अमृतसर में SGPC का गुस्सा फूटा : दरबार साहिब में बिना सूचना रेड करने पर 2 पुलिसकर्मी बनाए बंधक

अमृतसर में SGPC दफ्तर के बाहर खड़ी तरनतारन पुलिस की गाड़ी।
अमृतसर– अमृतसर स्थित दरबार साहिब में शुक्रवार को परिक्रमा कर रहे 2 युवकों को तरनतारन की CIA टीम ने हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) भड़क गई। SGPC की टास्क फोर्स ने 2 पुलिस कर्मचारियों को पकड़कर कमरा नंबर 50 में बंद कर दिया।

SGPC के मुताबिक पुलिस ने कार्रवाई करने से पहले उन्हें सूचना नहीं दी। इसके विरोध में 2 पुलिस कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया। SGPC पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्री दरबार साहिब में देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। यदि पुलिस को किसी व्यक्ति की तलाश हो या उसे गिरफ्तार करना हो, तो इसकी जानकारी पहले शिरोमणि कमेटी को देना जरूरी है। तरनतारन पुलिस ने न तो एसजीपीसी को भरोसे में लिया और न ही स्थानीय गलियारा चौकी को कोई सूचना दी।

इस तरह ले जाने की अनुमति नहीं- SGPC 

सूत्रों के अनुसार, टास्क फोर्स द्वारा हिरासत में लिए गए दोनों पुलिस कर्मचारियों को तब तक न छोड़ने का फैसला लिया गया था, जब तक पुलिस विभाग के सीनियर अधिकारी इस पूरी कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं देते। एसजीपीसी ने कहा कि वह कानून का सहयोग करती है। लेकिन बिना पूछताछ या पूर्व सूचना के पवित्र स्थल से किसी को भी इस तरह उठाकर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

सीनियर अधिकारियों के बात करने के बाद रिहा किए

इस घटना के बाद दरबार साहिब परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने SGPC के पदाधिकारियों से संपर्क साधा। जानकारी साझा करने के बाद पुलिस कर्मचारियों को छोड़ दिया गया, जिसके बाद वे अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए।

Share This Article
Leave a comment