
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए गेट पर चढ़ीं चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर।
वहीं निहंग संगठन भी स्टूडेंट्स के समर्थन में आ गए हैं। निहंगों के ग्रुप को चंडीगढ़ व मोहाली पुलिस ने बुड़ैल जेल के पास रोक दिया है। DSP गुरजीत कौर ने कहा कि उनके पास हथियार हैं। यहां टकराव के हालात बने हुए हैं। वहीं मोहाली में पुलिस ने एक जज की गाड़ी को भी चंडीगढ़ में नहीं जाने दिया। गाड़ी से ड्राइवर ने उतरकर चंडीगढ़ पुलिस को बताया कि गाड़ी में जज बैठे हैं लेकिन पुलिस ने नहीं जाने दिया। जिसके बाद ड्राइवर गाड़ी वापस ले गया।पुलिस के इंतजाम देख स्टूडेंट्स ने समर्थकों से अपील की कि पुलिस उन्हें जहां रोकें, वहीं बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दें। रविवार रात भी इसको लेकर स्टूडेंट्स ने हंगामा किया। देर रात तक छात्र यूनिवर्सिटी के गेट पर धरने पर बैठे रहे।
स्टूडेंट्स के प्रदर्शन को देखते हुए यूनिवर्सिटी में आज (10 नवंबर) और कल, 2 दिन की छुट्टी कर दी गई है। स्टूडेंट्स की कॉल पर उनके समर्थन में किसान और कई राजनीतिक दल भी प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं। हालांकि चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए 2 हजार मुलाजिम तैनात किए हैं। पूरे शहर में 12 जगह नाकाबंदी की गई है। यूनिवर्सिटी में सिर्फ उन्हीं को जाने की इजाजत है, जिनका कोई काम है। उसके लिए भी उनकी ID देखी जा रही है। यह विवाद पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट और सिंडिकेट भंग करने से शुरू हुआ। इससे स्टूडेंट्स भड़क उठे तो केंद्र सरकार ने यह नोटिफिकेशन वापस ले लिया था।



