पंजाब को दहलाने की आतंकी साजिश नाकाम : दिवाली पर करना था धमाका; अमृतसर में दो आतंकी गिरफ्तार, आरपीजी बरामद

अमृतसर। अमृतसर देहात पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक खुफिया जानकारी के आधार पर दो आतंकी ऑपरेटिव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम महकदीप सिंह उर्फ महक और आदित्य उर्फ आधी है। दोनों ही अमृतसर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) भी बरामद किया है।
पुलिस जांच के अनुसार, दोनों आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के एक ऑपरेटिव के संपर्क में थे, जिसने यह हथियार भारत भेजा था। इसके अलावा, आरोपी फिरोजपुर जेल में बंद हरप्रीत सिंह उर्फ विक्की से भी संपर्क में थे। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि बरामद आरपीजी का इस्तेमाल दिवाली के मौके पर पंजाब में किसी बड़े आतंकी हमले के लिए किया जाना था।

इस संबंध में थाना घरिंडा, अमृतसर में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और विदेशी संपर्कों की तलाश में जुटी है। एसएसपी मनिंदर सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की ओर से लगातार पंजाब में आतंकी वारदात करवाने की कोशिश की जा रही है लेकिन पुलिस की ओर से हर एक साजिश को नाकाम किया जा रहा है इसी के तहत खुफिया जानकारी के आधार पर उक्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आरपीजी बरामद की गई है।

Share This Article
Leave a comment