जालंधर- जालंधर के लोहिया में मां-बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मूल रूप से बिहार के पूर्णिया के रहने वाली विधवा महिला और उसकी 19 साल की बेटी से चार हैवानों ने हथियारों के दम पर इस शर्मनाक हरकत को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि चौथा आरोपी फरार है।
आरोपियों की पहचान साजन (19) निवासी लोहिया, रॉकी (19) निवासी लोहिया, अर्शप्रीत उर्फ अर्श (18) निवासी गांव पूनिया लोहिया और राजन उर्फ रोहित (19) के रूप में हुई। पुलिस ने वारदात में उपयोग किए गए दो मोटरसाइकिल बरामद कर लिए।
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि डीएसपी इन्वेस्टिगेशन सरबजीत राय ने डीएसपी शाहकोट ओंकार सिंह बराड़ और सीआईए स्टाफ पुष्प बाली के साथ जांच के बाद आरोपियों को पकड़ लिया। घटना 24 नवंबर की है रात में चार युवक जो मोटरसाइकिल पर खेत में बने घर में पहुंचे और वहां रह रही महिला और उसकी बेटी के कमरे का गेट तोड़कर अंदर घुस गए। वहां मौजूद लड़की के पति और उसके 5 महीने के बच्चे को दूसरे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद तीन युवकों ने महिला और एक युवक ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों के खिलाफ लोहिया थाने में केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे करवा ले गए और उनकी पहचान की गई।
आरोपियों पर सुलतानपुर लोधी कपूरथला और तलवंडी चौधरियां में चोरी के मामले दर्ज है। आरोपी वारदात वाली रात चोरी की फिराक में मोटर पर पहुंचे थे और घटना को अंजाम दिया। एसएसपी के मुताबिक आरोपियों ने पहले वहां रखी देसी शराब पी फिर मां बेटी के साथ दुष्कर्म किया। गिरफ्तार युवकों पर 2024 से चोरी के केस दर्ज हुए हैं और अलग-अलग मामलों में तीन से चार केस दर्ज हुए हैं।
