विजिलेंस ब्यूरो का एक्शन : शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया का करीबी हरप्रीत गुलाटी अरेस्ट ; आरोपी के जरिए शिमला व दिल्ली में प्रॉपर्टी बनाने का आरोप

मोहाली आय से अधिक संपत्ति में गिरफ्तार पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ब्यूरो ने मजीठिया के करीबी हरप्रीत सिंह गुलाटी को अरेस्ट किया है। आकाश स्प्रीति, यू वी एंटरप्राइज और ए डी एंटरप्राइजेज नाम की शराब कंपनियों के जरिए पैसों का लेन-देन किया गया था।

वहीं, आरोप है कि गुलाटी के जरिए पूर्व मंत्री ने शिमला और दिल्ली में संपत्तियां बनाई थीं। इससे पहले मजीठिया के साले गजपत सिंह ग्रेवाल के खिलाफ मोहाली जिला अदालत में एक एप्लिकेशन विजिलेंस ने दायर की है। उसे भगोड़ा घोषित करने की तैयारी की है। इस पर एक दिसंबर को सुनवाई होगी।

विजिलेंस की तरफ से दिए गए यह तर्क

विजिलेंस की तरफ से याचिका में कहा गया है कि उनकी तरफ से आरोपी के विभिन्न पतों पर नोटिस भेजे थे। इसमें उसका संगरूर स्थित घर का पता, बसंत विहार दिल्ली और डिफेंस कॉलोनी दिल्ली शामिल है। कुछ दिन पहले विजिलेंस ने उस पर केस में नामजद किया था।

साथ ही केस में आपराधिक साजिश रचने की धारा लगाई थी। साथ ही तय किया था कि उससे पूछताछ की जाएगी। इसके लिए आरोपी को समन जारी कर तलब भी किया था, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी को अब दोबारा तलब किया गया है।

10 दिसंबर को आरोप तय करने की तैयारी

इस मामले में पंजाब सरकार ने गत महीने हुई कैबिनेट मीटिंग में केस चलाने की मंजूरी दी है। हालांकि अभी तक इस मामले में आरोप तय नहीं हुए हैं। माना जा रहा है कि 10 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में आरोप तय हो सकते हैं। इस दौरान मजीठिया के वकीलों की तरफ से विजिलेंस द्वारा पेश किए गए चालान पर बहस की जाएगी। दूसरी तरफ मजीठिया पर दर्ज केस की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी हो चुकी है। अदालत कभी भी फैसला सुना सकती है।

Share This Article
Leave a comment