जालंधर– पंजाब के जालंधर वेस्ट के बस्ती दानिशमंद में श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 31 जनवरी को निकलने वाली शोभायात्रा से पहले स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला। वेस्ट इलाके में पाइपलाइन डालने के लिए सड़कें पिछले कई महीनों से खोदी गई हैं, जिससे रास्ता पूरी तरह बाधित है। हालांकि प्रशासन ने 2 दिन में काम पूरा करने का आश्वासन दिया है, लेकिन निर्माण की धीमी गति को देखते हुए निवासियों को डर है कि इस बार उन्हें शोभायात्रा का रूट बदलने पर मजबूर होना पड़ सकता है।
जालंधर वेस्ट के अंतर्गत आने वाले बस्ती दानिश मंदा इलाके में इन दिनों हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। श्री गुरु रविदास जी के आगामी प्रकाश पर्व को लेकर तैयारियां तो जोर-शोर से चल रही हैं, लेकिन खराब सड़कों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है।


सीवरेज-पाइपलाइन डालने का चल रहा काम
इलाके की सड़कों पर सीवरेज और पाइपलाइन डालने का काम चल रहा है, जिसके चलते जगह-जगह गहरे गड्ढे खुदे हुए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़कें चलने लायक भी नहीं बची हैं, जबकि मात्र 5 दिन बाद (31 तारीख को) इसी रास्ते से भव्य शोभायात्रा निकाली जानी है।
पिछले साल से चल रहा पाइपलाइन का काम
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पाइपलाइन का यह काम पिछले साल मई महीने में शुरू हुआ था। उस समय अधिकारियों ने भरोसा दिया था कि एक महीने के भीतर सीवरेज का काम पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

2 दिनों में सड़क निर्माण पूरा करने का आश्वासन
लोगों ने बताया कि जब इस संबंध में संबंधित एसडीओ (SDO) से बात की गई, तो उन्होंने अगले 2 दिनों में सड़क निर्माण कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, लोग इस दावे से संतुष्ट नहीं हैं, क्योंकि काम की मौजूदा रफ्तार बेहद धीमी है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क ठीक नहीं हुई, तो उन्हें इस साल पारंपरिक मार्ग के बजाय बाबू जगजीवन लाल चौक की ओर से शोभायात्रा निकालने पर मजबूर होना पड़ेगा। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक भावनाओं और जनसुविधा को देखते हुए युद्ध स्तर पर काम पूरा किया जाए।
