नवजोत कौर कुछ दिनों से पंजाब कांग्रेस के बड़े नेताओं को लेकर डायरेक्ट बयानबाजी कर रही थीं जिसका पार्टी के अंदर भी विरोध हो रहा था। नवजोत कौर को जवाब देने के चक्कर में पूर्व डिप्टी CM और कांग्रेसी सांसद सुखजिंदर रंधावा तो उनके पति नवजोत सिद्धू के पिता तक पहुंच गए।
उधर पत्नी की सस्पेंशन पर नवजोत सिद्धू का रिएक्शन सामने नहीं आया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ-साथ BJP के नेता कांग्रेस में मची इस कलह के खूब मजे ले रहे हैं।

नवजोत कौर सिद्धू को सस्पेंड करने का ऑर्डर…

नवजोत कौर के वह बयान, जिसने कांग्रेस में हड़कंप मचाया…
- 1. CM वही बनता, जो ₹500 करोड़ की अटैची दे: नवजोत कौर 2 दिन पहले चंडीगढ़ में गवर्नर गुलाब चंद कटारिया से मिली थीं। उनसे सवाल किया गया कि आपने पैसे देने की बात कही है, क्या आपसे किसी पार्टी ने पैसे की मांग की है? इस पर उन्होंने कहा- नहीं, हमसे किसी ने नहीं की। मगर CM वही बनता है जो 500 करोड़ की अटैची देता है।
- 2. कांग्रेस में पहले ही 5-5 CM बने हुए हैं: इसके बाद बाहर नवजोत ने मीडिया से कहा- कांग्रेस सिद्धू को CM फेस बनाएगी, तभी वह एक्टिव होंगे। वह कांग्रेस से अटैच हैं। प्रियंका के साथ अटैच हैं। फिर भी उन्हें यह लग नहीं रहा कि सिद्धू को प्रमोट होने देंगे, क्योंकि पांच-पांच CM पहले से बने हुए हैं और वह कांग्रेस को हराने में लगे हुए हैं। ऊपर वालों को शायद समझ आ जाए तो बात दूसरी है।
- 3. 5 करोड़ में टिकटें बेचीं, कांग्रेस को बर्बाद कर रहे 4 नेता: सोमवार को नवजोत कौर सिद्धू ने एक मीडिया चैनल से कहा- पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग ने 5 करोड़ रुपए में कौंसलर की टिकट बेची। अमरिंदर राजा वड़िंग, चरणजीत चन्नी, सुखजिंदर रंधावा और प्रताप सिंह बाजवा पंजाब का CM बनना चाहते हैं। उसके लिए वह कांग्रेस को खत्म करने में लगे हुए हैं।
- 4. अमृतसर ईस्ट से चुनाव लड़ूंगी, पार्टी चाहे सर्वे कराए: नवजोत कौर सिद्धू ने कुछ महीने पहले कहा था कि वह 2027 के चुनाव के लिए तैयार है और अमृतसर ईस्ट से लड़ेंगी। चुनाव लड़ने के लिए टिकट देना या न देना पार्टी हाईकमान का अधिकार है, लेकिन उन्होंने खुद की तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोग मुझे पसंद करते हैं और पार्टी चाहे तो सर्वे करवा सकती है।
सुबह यूटर्न लिया, दोपहर तक नया बयान दागा
इससे पहले नवजोत कौर सिद्धू ने CM कुर्सी के लिए 500 करोड़ की अटैची देने के बयान पर बवाल मचते देख सोमवार सुबह यूटर्न ले लिया था। नवजोत ने कहा- मैं यह देखकर हैरान हूं कि हमारे सीधे-साधे बयान को कैसे गलत मोड़ दिया गया। मैंने तो सिर्फ इतना कहा था कि हमारी कांग्रेस पार्टी ने हमसे कभी कुछ नहीं मांगा। जब मुझसे पूछा गया कि नवजोत किसी दूसरी पार्टी से मुख्यमंत्री का चेहरा बन सकते हैं, तो मैंने कहा था कि हमारे पास मुख्यमंत्री पद के बदले देने के लिए कोई पैसा नहीं है। ध्यान से सुनें।
नवजोत कौर सिद्धू की सफाई वाली पोस्ट…

रंधावा बोले- मंत्री, प्रधान और पिता AG कितने रुपयों में बने
वहीं नवजोत कौर सिद्धू को जवाब देते हुए पूर्व डिप्टी CM व सांसद सुखजिंदर रंधावा सिद्धू के पिता तक पहुंच गए। उन्होंने नवजोत कौर से पूछा कि आपके पति ने कांग्रेस सरकार में नंबर टू मिनिस्टर बनने के लिए कितने रुपए दिए। पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनने के लिए कितने रुपए दिए। सिद्धू के पिता भी एडवोकेट जनरल (AG) बने थे, क्या वो भी पैसे देकर बने।
रंधावा ने कहा कि कांग्रेस को किसी और से नहीं बल्कि इन जैसे लोगों से खतरा है। साढ़े 3 साल कांग्रेस वर्कर डंडे खाता रहा, अब चुनाव नजदीक आ गए ताे ये इस तरह की बातें करने लगे हैं।
