Parliament Winter Session: संसद के शीतकालीन सत्र के 11वें दिन भी अडाणी का मुद्दा गर्माया रहा। प्रियंका गांधी ‘मोदी-अडाणी एक हैं’ लिखा बैग लेकर पहुंची।कांग्रेस नेताओं के हंगामे के बाद कार्यवाही स्थगित। जानें अपडेट।
Parliament Winter Session: संसद के शीतकालीन सत्र के 11वें दिन मंगलवार (10 दिसंबर) को एक बार फिर सदन में अडाणी का मुद्दा गर्म रहा। संसद परिसर में प्रियंका गांधी और राहुल गांधी समेत दूसरे विपक्षी नेता ‘मोदी-अडाणी एक हैं’ लिखा बैग लेकर पहुंचे। बीजेपी नेता किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। सुबह 11 बजे जैसे ही संसद की कार्यवाही शुरू हुई कांग्रेसी नेता अडाणी मुद्दे पर हंगामा करने लगे।
दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित
शोर शराबे के बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर तक के लिए स्थगिति कर दी। उधर, राज्यसभा में भी कांग्रेस सांसदों ने हंगाम किया। जिसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने विपक्ष पर सदन बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष कामकाज में बाधा डाल रहा है।”
विपक्ष कर रहा सदन बाधित करने की कोशिश
बता दें कि सोमवार(9 दिसंबर) को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कांग्रेस नेताओं पर जॉर्ज सोरेस से संबंधों के आरोप और चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला। राज्यसभा में विपक्ष ने सभापति पर पक्षपात के आरोप लगाए।
संसद परिसर में प्रियंका गांधी का प्रदर्शन
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसद परिसर में अनोखा प्रदर्शन किया। वह “मोदी-अडाणी भाई-भाई” लिखे नारे वाले बैग के साथ पहुंचीं। कांग्रेस सांसदों ने अडाणी मामले को लेकर संसद में चर्चा की मांग की। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार हर बार बहस से बचती है और विपक्ष की मांगों को अनसुना करती है। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारा जाे भी प्रदर्शन हो रहा है, वह सदन के बाहर ही हो रहा है। सरकार खुद नहीं चाहती कि सदन की कार्यवाही चले।
सदन में कांग्रेस सांसदों की बैठक
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संसद परिसर में पार्टी के लोकसभा सांसदों के साथ बैठक की। राहुल गांधी ने बैठक में सदन के भीतर कांग्रेस की स्थिति पर चर्चा की। बैठक में राहुल गांधी के साथ ही कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। राहुल गांधी ने बैठक के बाद कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
विपक्ष का सभापति पर हमला
राज्यसभा में विपक्ष ने सभापति जगदीप धनखड़ पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने उन्हें पक्षपाती कहा। उन्होंने कहा, “1977 से अपने राजनीतिक जीवन में ऐसा पक्षपाती सभापति नहीं देखा।” विपक्ष ने कहा है कि संविधान के अनुच्छेद 67(b) के तहत सभापति को हटाने के लिए हमारी ओर से प्रस्ताव लाया जाएगा। इस प्रस्ताव के निए 50 से ज्यादा विपक्षी सांसदों के साइन लिाए जाएंगे।
आज पेश किए जाने हैं कई अहम विधेयक
10 दिसंबर को संसद के शीतकालीन सत्र में कई अहम विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। इनमें वक्फ संशोधन विधेयक 2024, मर्चेंट शिपिंग विधेयक, भारतीय बंदरगाह विधेयक, और तटीय नौवहन विधेयक शामिल हैं। वक्फ संशोधन विधेयक पहले ही संसद की संयुक्त समिति को भेजा गया था,और अब इसे अंतिम रिपोर्ट के बाद विचार और पारित करने के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही, रेलवे संशोधन विधेयक और गोवा में अनुसूचित जनजातियों के लिए विधानसभा सीटों के पुनर्निर्धारण का विधेयक भी एजेंडा में हैं।
आप सांसद ने राज्यसभा में चर्चा के लिए दिया नोटिस
आप सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में दिल्ली में बढ़ते अपराधों पर चर्चा के लिए नोटिस दिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी की कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की। संजय सिंह ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत “कामकाज निलंबन” का नोटिस दिया। इस नोटिस में दिल्ली में बढ़ते अपराध, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ हिंसा, और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की मांग की गई। उनके साथ AAP के दूसरे सांसद, जैसे राघव चड्ढा और संदीप पाठक, ने इस मुद्दे पर संसद परिसर में प्रदर्शन किया


