एक्स पर अनिरबन नाम के एक्स हैंडल से यूजर ने एयर इंडिया को टैग करते हुए लिखा, ‘उन्हें फ्लाइट रद्द होने की जानकारी अभी मिली। अब इसका रिफंड कौन देगा?’ इस पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए फ्लाइट रद्द होने की पुष्टि की गई। यह सब तब हुआ जब कोलकाता से हिंडन पहुंची फ्लाइट गोवा के लिए उड़ान भरने को तैयार थी। यात्रियों का हवाईअड्डे पर आगमन शुरू हो गया था। अचानक टेकऑफ रोकने और उसके बाद फ्लाइट ही रद्द होने से हंगामा शुरू हो गया।
तकनीकि कमी के चलते रद्द होने की बात सुनकर यात्री और घबरा गए। गोवा की फ्लाइट जहां सुबह 10:40 पर उड़ान भरती है, ठीक उसी तरह से अपनी यात्रा पूरी करने के बाद शाम को कोलकाता के लिए उड़ान भरती है। रविवार को गोवा की फ्लाइट रद्द होने की वजह से कोलकाता की भी शाम को भरी जाने वाली उड़ान को रद्द किया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान की सुविधा मुहैया करवा दी गई थी। यात्रियों को फुल रिफंड, फ्लाइट रिशिड्यूल के भी विकल्प दिए गए थे।