अखंड केसरी ब्यूरो :- विरासत टैक्स की बात छेड़कर विवाद पैदा करने वाले इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने एक बार फिर से ऐसी बात कही है, जिसको लेकर चुनावी मौसम में जुबानी लड़ाई फिर से तेज हो सकती है। पित्रोदा ने दुनियाभर में भारत की विकासगाथा और लोकतंत्र के बेहतरीन उदाहरण के तौर पर सामने आने का उल्लेख करते हुए कुछ ऐसा कह डाला जिसपर विपक्षी बीजेपी हमलावर हो गई है। उनके अनुसार, “भारत ने पूरी दुनिया में खुद को एक सफल लोकतांत्रिक देश के तौर पर विकसित किया है। देश के लोग पिछले 75 वर्षों से बेहतरीन माहौल में एक साथ रहते आ रहे हैं। हम भारत जैसे विविधतापूर्ण देश को एक साथ रख सकते हैं – जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे दिखते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे, उत्तर के लोग शायद गोरे जैसे दिखते हैं और दक्षिण भारत के लोग अफ़्रीकी जैसे दिखते हैं। इसके बावजूद इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। हम सभी भाई-बहन हैं।”


