लोकसभा चुनाव: 102 सीटों पर मतदान शुरू, 1626 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज

लोकसभा चुनाव के पहले चरण की आज, शुक्रवार (19 अप्रैल) को वोटिंग है। पहले फेज में 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। सीटों के लिहाज से यह सबसे बड़ा फेज है। वोटिंग सुबह 7 बजे से 6 बजे के बीच होगी। इस फेज में 1625 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 1,491 पुरुष और 134 महिला प्रत्याशी हैं। 8 केंद्रीय मंत्री, 1 पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल की किस्मत दांव पर है। पहले फेज में 16.63 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 8.40 करोड़ पुरुष और 8.23 करोड़ महिला वोटर हैं। 11,371 थर्ड जेंडर भी वोट डालेंगे। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लोकसभा चुनाव के साथ अरुणाचल प्रदेश की 60 और सिक्किम की 32 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। दोनों राज्यों की एक-एक लोकसभा सीट पर भी साथ में वोटिंग हो रही है।

 

Live Update…

  • संघ प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में वोट डाला। उन्होंने कहा कि मतदान अपना कर्तव्य है, मतदान हमारा अधिकार है। 100 प्रतिशत मतदान होना चाहिए इसलिए पहला काम मैंने आज मतदान का किया है।
  • पीएम मोदी ने वोटिंग से पहले एक पोस्ट लिखी। जिसमें उन्होंने 102 सीटों के मतदाताओं से वोटिंग का रिकॉर्ड बनाने की अपील की। उन्होंने लिखा कि पहली बार वोट देने जा रहे अपने युवा साथियों से मेरी यह विशेष अपील है कि वे भारी संख्या में मतदान करें। लोकतंत्र में हर वोट कीमती है और हर आवाज का महत्व है।

2019 में इन सीटों पर क्या थे नतीजे?
2019 के लोकसभा चुनाव में चुनाव आयोग ने 91 सीटों पर पहले फेज में मतदान कराया था। तब भाजपा ने 31 सीटें जीती थीं। जबकि कांग्रेस के खाते में 9 सीट आई थी। 51 सीटों पर अन्य दलों ने कब्जा जमाया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ INDI गठबंधन है। यदि पहले फेज की इन 102 सीटों को मिलाकर 2019 चुनाव के नतीजे देखें तो भाजपा ने 40, DMK ने 24, कांग्रेस को 15 सीटें मिली थीं। अन्य को 23 सीटें मिली थीं। इस फेज में अधिकतर सीटों पर मुकाबला इन्हीं 3 दलों के बीच है।

पहले चरण में इन दिग्गजों की दांव पर प्रतिष्ठा

  • महाराष्ट्र की नागपुर सीट से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी चुनावी मैदान में हैं।
  • अरुणाचल पश्चिम सीट से केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू चुनाव लड़ रहे हैं।
  • असम की डिब्रूगढ़ सीट से केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल चुनावी समर में उतरे हैं।
  • यूपी की मुजफ्फरनगर सीट से केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान मैदान में हैं। यहां उनका मुकाबला सपा के हरेंद्र मलिक और बसपा के दारा सिंह प्रजापति से है।
  • जम्मू कश्मीर की उधमपुर सीट पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर है। उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह से है।
  • केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव राजस्थान की अवलर सीट से मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस विधायक ललित यादव से है।
  • केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बीकानेर के समर में उतरे हैं। उनका मुकाबला पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल से है।
  • तमिलनाडु की नीलगिरी लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन कैंडिडेट हैं। उनका मुकाबला पूर्व मंत्री ए राजा से है।
  • चेन्नई दक्षिण सीट से पूर्व राज्यपाल तमिलिसाइर्द सौंदर्यराजन चुनाव लड़ रही हैं। चुनाव से पहले उन्होंने गवर्नर पद से इस्तीफा दिया था।
  • पश्चिमी त्रिपुरा लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा से है।

पहले चरण में इन राज्‍यों में होगी वोटिंग

राज्य संख्या लोकसभा सीट
उत्तर प्रदेश 08 सहारनपुर, कैराना, मुज्जफनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, पीलीभीत और रामपुर।
राजस्थान 12 गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर।
मध्‍य प्रदेश 06 सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा।
असम 05 काजीरंगा, सोनितपुर, तखीमपुर, डिबरुगढ़ और जोरहट।
बिहार 04 औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई।
महाराष्ट्र 05 रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंडिया, गढ़चिरौली चिमूर और चंद्रपुर।
छत्तीसगढ़ 01 बस्तर।
जम्मू कश्मीर 01 ऊधमपुर
अरुणाचल प्रदेश 02 अरुणाचल पश्चिम, अरुणाचल पूर्व।
मेघालय 02 शिलांग, तुरा।
त्रिपुरा 01 त्रिपुरा पश्चिम
उत्तराखंड 05 टिहरी गढ़वाल, गढ़वाल, अल्मोडा, नैनीताल-उधमसिंह नगर और हरिद्वार।
मिजोरम 01 मिजोरम
पुडुचेरी 01 पुडुचेरी
तमिलनाडु 39 तिरुवल्लुर, चेन्नई ईस्‍ट, चेन्नई साउथ, चेन्नई सेंट्रल, श्रीपेरंबदूर, कांचीपुरम, अरक्कोणम, वेल्लोर, कृष्णागिरी, धर्मपुरी, तिरुवन्नामलाई, अरणी, विलुप्पुरम, कल्लाकुरिची, सलेम, नामक्कल, इरोड, तिरुप्पुर, नीलगिरी, कोयंबटूर, पोलाची, डिंडीगुल, करूर, तिरुचिरापल्ली , पेरम्बलुर, कुड्डालोर, चिदम्बरम, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तंजावुर, शिवगंगा, मदुरै, थेनी, विरुधुनगर, रामनाथपुरम, थूथुक्कुडी, तेनकासी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी।
सिक्किम 01 सिक्किम
नगालैंड 01 नगालैंड
अंडमान और निकोबार 01 अंडमान और निकोबार
पश्चिम बंगाल 03 कूचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी।
मणिपुर 02 मणिपुर इनर, मणिपुर आउटर
लक्षद्वीप 01 लक्षद्वीप
Share This Article
Leave a comment