राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज

दिनांक: 20 सितंबर 2024  

दुर्ग में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि अमेरिका प्रवास के दौरान राहुल गांधी ने भारत में राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अस्थिरता पैदा करने के लिए विदेशी ताकतों से मुलाकात की और सिख समाज के धार्मिक प्रतीक पगड़ी और कड़ा को लेकर अनुचित और अमर्यादित टिप्पणी की। इस कृत्य को भाजपा ने भारतीय लोकतंत्र और सिख समुदाय की भावनाओं पर चोट पहुंचाने वाला बताया है।

 

गुरुवार रात 8:30 बजे, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। वर्मा ने राहुल गांधी पर पाकिस्तान समर्थक और भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों से समर्थन मांगकर देश की संप्रभुता पर खतरा पैदा कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर देश के विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्यता फैलाने का भी आरोप लगाया।

 

दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव ने भी राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि विदेशी धरती पर जाकर सिख समाज को अपमानित करना और धारा 370 के पुनर्स्थापन का समर्थन करना गंभीर मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह आचरण देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा है।

 

इस दौरान, भाजपा के जिला महामंत्री सुरेंद्र कौशिक और उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार पाध्ये ने भी राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान को जातिवाद और राष्ट्रविरोधी विचारधारा फैलाने का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह कृत्य भारतीय समाज में विघटनकारी तत्वों को बढ़ावा देने वाला है।

 

एफआईआर दर्ज करते हुए सिटी कोतवाली थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के बीच यह शिकायत दर्ज की गई।

Share This Article
Leave a comment