हरियाणा में अलर्ट : शंभू बॉर्डर खोल रही पंजाब पुलिस, किसानों को खदेड़ा और शेड हटाने शुरू

चंडीगढ़/अंबाला/ हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर 13 महीने से आंदोलन कर रहे किसानों और केंद्र सरकार के बीच बुधवार को 7वीं वार्ता बेनतीजा रही। बातचीत सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली। इसमें किसान नेता समेत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल और प्रह्लाद जोशी शामिल हुए।

बैठक के बाद किसान जब शंभू और खनौरी बॉर्डर लौट रहे थे, तभी पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। इनमें किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के जगजीत डल्लेवाल शामिल हैं।

पंधेर को मोहाली की एयरपोर्ट रोड पर तो डल्लेवाल एंबुलेंस में खनौरी बॉर्डर लौट रहे थे, पुलिस ने उन्हें संगरूर में घेर लिया। इसके बाद पुलिस डल्लेवाल को एंबुलेंस समेत ही हिरासत में लेकर चली गई। दोनों नेताओं की अगुआई में ही ये आंदोलन चल रहा है। इनके अलावा किसान नेता काका सिंह कोटड़ा, अभिमन्यु कोहाड़, मनजीत राय, ओंकार सिंह को भी डिटेन किया गया।

सूचना है कि किसानों को पटियाला के कमांडो सेंटर (बहादुरगढ़) में शिफ्ट किया जा रहा है। इसके बाद पंजाब पुलिस ने शंभू बॉर्डर से किसानों के शेड हटा उसे खोलना शुरू कर दिया है। खनौरी बॉर्डर पर भी पुलिस फोर्स पहुंच गई है। इस एक्शन के पीछे की वजह ये सामने आई कि मीटिंग में पंजाब सरकार ने किसानों को दोनों बॉर्डर खोलने या एक हिस्सा खोलने को कहा था, लेकिन किसान नेता नहीं माने।

किसान नेता सरवण पंधेर को भी हिरासत में लिया गया।

किसान 13 फरवरी से शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। तब दिल्ली जाते वक्त हरियाणा पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें वहां रोक लिया था। वह MSP की गारंटी के कानून की मांग कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 4 बार दिल्ली जाने की कोशिश की लेकिन उन्हें शंभू बॉर्डर से आगे नहीं बढ़ने दिया गया।

Share This Article
Leave a comment