Kangana Ranaut: बॉलीवुड की बेबाक अभिनेत्री कंगना रनौत अपने बोल्ड रवैये के लिए हमेशा सुर्खियों में बनी रहती हैं। सांसद बनने के बाद उनके राजनैतिक बयान भी चर्चा में रहते हैं। अब हाल ही में उन्होंने जानकारी दी है कि हिमाचल प्रदेश के मनाली में जहां उनका घर है वहां उन्हें 1 लाख रुपए का बिजली बिल आया है, जबकि वह उस घर में रहती भी नहीं हैं। इसी के साथ उन्होंने प्रदेश की सत्ताधारी कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है।
कंगना ने हिमाचल प्रदेश सरकार को घेरा
हाल ही में कंगना हिमाचल प्रदेश के मंडी में एक राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं, जहां उन्होंने बिजली बिल के बारे में बात की। अत्यधिक बिल को लेकर उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार की भी आलोचना की। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
वीडियो में कंगना कहती दिख रही हैं, “इस महीने मेरे मनाली वाले घर का 1 लाख रुपए बिजली का बिल आया, जहां मैं रहती भी नहीं हूं। इतनी दुर्दशा की हुई है। हम पढ़ते हैं और शर्मिंदगी होती है के ये क्या हो रहा है। पर हमारे पास एक मौका है, आप सब जो मेरे भाई बहन हैं, आप लोग ग्राउंड पर इतना काम करते हैं। ये हमारा दायित्व है कि हमें इस देश को उन्नति के रास्ते पर चलाना है। कंगना ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा- ये तो भेड़िए हैं, हमें हमारे प्रदेश को इनके चुंगल से निकालना है।


