दिल्ली एयरपोर्ट पर आज सुबह से इंडिगो की कुल 95 उड़ानें रद्द हुई हैं। इनमें 48 दिल्ली से जाने और 47 आने वाली घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स थीं। मुंबई में 86 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं, जबकि बेंगलुरु में 73 फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। सूत्र के मुताबिक, शाम तक रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। हैदराबाद में लगभग 33 उड़ानें रद्द हुई हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर 4 फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। इंदौर में 3 उड़ानें रद्द हुई हैं। इंदौर में बुधवार को इंडिगो की 18 उड़ानें कैंसिल हुई थी। फ्लाइट्स कैंसिल होने के कारण एयरपोर्ट्स पर लोगों की लंबी कतारें लगी हैं।
कई जगह यात्रियों ने फ्लाइट के इंतजार में पूरी रात एयरपोर्ट पर ही गुजार दी। बुधवार को 200 से ज्यादा उड़ानों पर असर पड़ा था। इंडिगो एयरलाइन ने बुधवार को यात्रियों से माफी मांगी। बताया कि शुक्रवार तक ऑपरेशन सामान्य हो जाएगा। कंपनी दिन भर में लगभग 2,300 घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें ऑपरेट करती है।
DGCA के नए नियमों के कारण इंडिगो में परेशानी बढ़ी
DGCA ने 1 नवंबर से पायलटों और अन्य क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए हैं। इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नाम दिया गया है। इन्हें दो चरणों में लागू किया गया। पहला चरण 1 जुलाई को लागू हुआ। वहीं 1 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ। नए नियमों में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पायलटों और क्रू को पर्याप्त आराम देने पर जोर दिया गया है। इसके कारण एयरलाइन कंपनियों के पास पायलटों और क्रू मेंबर्स की अचानक कमी पड़ गई। इससे इंडिगो सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। DGCA ने बताया कि नवंबर में इंडिगो की कुल 1,232 उड़ानें कैंसिल की गईं, जिनमें FDTL नियमों के कारण 755 उड़ानें शामिल हैं।
इंडिगो ने कहा- 5 दिसंबर तक हालात सामान्य होंगे
एयरलाइन ने बुधवार को एक बयान जारी किया। कहा कि छोटी-मोटी तकनीकी खराबी, सर्दियों के कारण शेड्यूल में बदलाव, खराब मौसम, एविएशन सिस्टम में स्लो नेटवर्क और क्रू मेंबर्स के शिफ्ट चार्ट से जुड़े नए नियमों (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) की वजह से ऑपरेशन पर बुरा असर पड़ा है। इसका पहले से अनुमान लगाना संभव नहीं था। 5 दिसंबर तक हालात सामान्य हो जाएंगे।
DGCA ने इंडिगो से जवाब मांगा
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो से मौजूदा दिक्कतों के कारणों और उनसे निपटने के लिए प्लानिंग का ब्योरा मांगा है। DGCA ने कहा है कि वह मामले की जांच कर रहा है। फ्लाइट्स कैंसिल और देरी कम करने के तरीकों पर आकलन किया जा रहा है।
DGCA के अनुसार, क्रू की कमी इसकी मुख्य वजह है। इंडिगो में यह दिक्कत पिछले महीने से चल रही है। नवंबर में इसकी 1232 उड़ानें रद्द हुईं। मंगलवार को 1400 उड़ानें देरी से चलीं।



देश की 60% घरेलू उड़ानें इंडिगो के पास
- आखिर इंडिगो से टेंशन क्यों: इंडिगो के पास सबसे ज्यादा 434 विमान हैं। एक दिन में 2300 से ज्यादा उड़ानें हैं। देश की 60% से अधिक घरेलू उड़ानें इसी के पास हैं।
- अभी कितना स्टाफ है: अभी इसके पास 5456 पायलट और 10212 केबिन क्रू मेंबर हैं। 41 हजार से ज्यादा स्थाई कर्मचारी हैं।
- फिर क्रू की कमी क्यों है: इंडिगो का कहना है कि नए फ्लाइट टाइम लिमिटेशन नियमों के कारण पायलट और क्रू की कमी हुई है। नए नियमों में पायलटों के उड़ान भरने के नियमों को घटाकर रोजाना 8 घंटे कर दिया है। नाइट लैंडिंग 6 से घटाकर 2 कर दी हैं। क्रू के लिए 24 घंटे में 10 घंटे आराम का समय रखा है।
मुंबई एयरपोर्ट: मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो स्टाफ ने बताया कि गुरुवार को कुल 86 फ्लाइट्स कैंसिल हैं। इनमें 41 फ्लाइट मुंबई आने वाली और 45 मुंबई से दूसरे शहरों में जाने वाली फ्लाइट्स थीं।
जयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट : जयपुर में गुरुवार को 3 इंडिगो फ्लाइट कैंसिल हुई है। जोधपुर से 4 इंडिगो फ्लाइट को रद्द किया गया है। इनमें ज्यादातर फ्लाइट्स बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता आने-जाने वाली थीं।
हैदराबाद एयरपोर्ट: राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को यहां से उड़ान भरने वाली इंडिगो की 33 उड़ानें रद्द होने की आशंका है। हैदराबाद आने वाली 35 फ्लाइट्स भी कैसिंल होने की आशंका है। इंडिगो ने बुधवार को हैदराबाद से 19 उड़ानें रद्द कर दी थीं।
इंदौर एयरपोर्ट: मध्य प्रदेश के इंदौर में इंडिगो की तीन फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। बुधवार को भी इंडिगो की 18 उड़ानें कैंसिल हुई थीं। एयरलाइन के अनुसार, रद्द की गई उड़ानों में जयपुर, दिल्ली, मुंबई, गोवा, चेन्नई और कोलकाता जैसे प्रमुख रूट शामिल हैं।
