भर्गो कैंप लूटकांड में जालंधर पुलिस की बड़ी कामयाबी — तीन आरोपी व एक सहयोगी गिरफ्तार, लूटा हुआ सोना, मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल कपड़े बरामद

जालंधर, 5 नवंबर — जालंधर पुलिस आयुक्तालय ने भर्गो कैंप में हुए चर्चित लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को उनके सहयोगी सहित गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से लूटा गया सोना, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस आयुक्त श्रीमती धनप्रीत कौर ने बताया कि 30 अक्तूबर 2025 को शिकायतकर्ता अजय कुमार पुत्र विजय कुमार, निवासी अवतार नगर ने थाना भर्गो कैंप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह लगभग 10 बजे तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी ज्वैलरी शॉप ‘विजय ज्वैलर्स’ में हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में थाना भर्गो कैंप में एफआईआर नंबर 167 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस तथा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

 

3 नवंबर को पुलिस आयुक्तालय की विशेष टीम, जिसमें डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) जयंत पुरी, एडीसीपी-II हरिंदर सिंह गिल, एसीपी (क्राइम) अमरबीर सिंह और एसीपी (वेस्ट) सरवणजीत सिंह शामिल थे, ने सीआईए स्टाफ, स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीमों के सहयोग से सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जानकारी और मानव इंटेलिजेंस के आधार पर राजस्थान के अजमेर ज़िले के पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर के पास छापा मारकर तीनों आरोपियों और उनके ठिकाना देने वाले सहयोगी को गिरफ्तार किया।

 

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में सोने के 8 लेडीज़ सेट, 40 लेडीज़ टॉप्स, 12 गोल्ड चेन, 7 लेडीज़ रिंग्स, वारदात में इस्तेमाल तीन हुडियां, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर PB08-FB-3367) और एक दरांती बरामद की गई। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने वारदात के बाद पिस्टल अपने एक मित्र को सौंप दी थी, जिसकी गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं। इस बीच, जब पुलिस बरामदगी कर रही थी, आरोपी कुशल ने फरार होने की कोशिश की और इसी दौरान गिरने से उसकी टांग में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल जालंधर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

 

 

Share This Article
Leave a comment