नई दिल्ली। दिल्ली लाल किला धमाके मामले में अब नए खुलासे हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों की 200 बम (IEDs) से 26/11 जैसे हमले की साजिश थी। दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद को निशाना बनाया जाना था। दिल्ली के लाल किला, इंडिया गेट, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब और गौरी शंकर मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों को चुना था। इनके अलावा, देशभर के रेलवे स्टेशनों और बड़े मॉल्स भी टारगेट पर थे।

दिल्ली में लाल किले के पास 10 नवंबर को i20 कार में हुए धमाके का नया सीसीटीवी सामने आया है।
सूत्रों के मुताबिक, यह साजिश जनवरी से ही चल रही थी। आतंकी मॉड्यूल का संबंध पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद संगठन से बताया जा रहा है। आतंकी पिछले कई महीनों से 200 बम (IEDs) बनाने की तैयारी कर रहे थे। जांच एजेंसियों का कहना है कि आतंकियों का मकसद धार्मिक स्थलों पर हमला कर देश में सांप्रदायिक तनाव फैलाना था। इसके लिए उन्होंने कश्मीर के पुलवामा, शोपियां और अनंतनाग के कुछ डॉक्टरों को चुना, ताकि वे बिना रोकटोक कहीं भी जा सकें।
12 नवंबर: घटनास्थल को घेरा गया, जांच जारी

जम्मू-कश्मीर से मौलवी और डॉक्टर गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को मॉड्यूल के सिलसिले में हरियाणा के मेवात से इश्तियाक नाम के एक मौलवी को गिरफ्तार किया। उसे श्रीनगर ले जाया गया है। वह अल फलाह यूनिवर्सिटी कैंपस में एक किराए के मकान में रह रहा था। उसके घर से 2,500kg से ज्यादा अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर बरामद हुआ था।
मंगलवार रात कश्मीर से एक और डॉक्टर को भी गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान डॉ. तजामुल के रूप में हुई है। वह श्रीनगर के SMHS अस्पताल में काम करता है। ब्लास्ट मामले में कश्मीर का यह चौथा डॉक्टर है, जिसे पकड़ा गया है। अब तक 12 लोग गिरफ्तार हुए हैं।
कार धमाका सुसाइड कार बॉम्बिंग जैसा हमला नहीं था
सूत्रों के अनुसार, कार ने किसी टारगेट को टक्कर नहीं मारी, न किसी बिल्डिंग में घुसी, यानी यह सुसाइड कार बॉम्बिंग जैसा हमला नहीं था। उमर विस्फोट में मारा जा चुका है। पुलिस ने उसकी मां का DNA सैंपल लिया है, ताकि धमाके के अवशेष में मिले शव के टुकड़ों की पहचान हो सके।
लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सोमवार शाम करीब 6.52 बजे सफेद i20 कार में ब्लास्ट हुआ था। इसमें 12 लोगों की मौत हुई। सूत्रों का कहना है कि कार में विस्फोट सामाग्री वही थी, जो फरीदाबाद से 10 नवंबर को धमाके से पहले जब्त की गई थी।
