राजौरी में LoC पर पाकिस्तानी ड्रोन घुसपैठ नाकाम, भारतीय सेना ने की फायरिंग

PIB NEWS:-जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर एक बार फिर पाकिस्तानी ड्रोन की संदिग्ध गतिविधि सामने आई है। बीती शाम भारतीय सेना के जवानों ने भारतीय क्षेत्र में घुसे कई संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराने के उद्देश्य से फायरिंग की। आकाशवाणी जम्मू के संवाददाता के अनुसार, शाम करीब 7 बजे राजौरी जिले के चिंगस क्षेत्र के डुंगा गाला इलाके में ड्रोन भारतीय सीमा में दाखिल हुए, जिस पर सतर्क सेना के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद ये ड्रोन वापस दूसरी ओर लौट गए। इसके बाद करीब 7.35 बजे फॉरवर्ड ढेरी धरा गांव के ऊपर दो ड्रोननुमा वस्तुओं की गतिविधि देखी गई, जिन पर सेना ने कई राउंड फायर किए, लेकिन ये ड्रोन कलाली की ओर बढ़ते हुए वापस चले गए। बताया जा रहा है कि मंझाकोट सेक्टर में कुछ समय तक मंडराने के बाद ड्रोन पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) की ओर लौट गए। रक्षा सूत्रों के अनुसार, यह बीते तीन दिनों में दूसरा मौका है जब राजौरी जिले में पाकिस्तानी ड्रोन को लेकर सेना को फायरिंग करनी पड़ी है। ड्रोन दिखाई देने के बाद सेना ने काउंटर अनमैन्ड एरियल सिस्टम (UAS) उपाय लागू किए और यह सुनिश्चित करने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया कि ड्रोन के जरिए किसी भी प्रकार के हथियार या नशीले पदार्थों की एयरड्रॉपिंग न की गई हो। इससे पहले रविवार को नौशेरा सेक्टर के गनिया-कलसियां गांव के ऊपर ड्रोन गतिविधि देखे जाने पर सेना ने मध्यम और हल्की मशीनगनों से फायरिंग की थी। उसी दिन राजौरी जिले के तेरयाथ, कलाकोट, खब्बर गांव, पूंछ जिले के मनकोट क्षेत्र के तैन-टोपा और सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर के चक बबराल गांव में भी ड्रोन मूवमेंट दर्ज की गई थी, हालांकि वे कुछ ही मिनटों में वापस लौट गए। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और कड़ी कर दी गई है।

Share This Article
Leave a comment