नई दिल्ली, 26 जनवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, “गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं! आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 76वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।” इस खास मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने उन महान विभूतियों को याद किया जिन्होंने हमारे संविधान को तैयार कर यह सुनिश्चित किया कि भारत की विकास यात्रा लोकतंत्र, एकता और गरिमा पर आधारित हो। उन्होंने आगे कहा, “गणतंत्र दिवस का यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ-साथ एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही हमारी कामना है।”
गणतंत्र दिवस, जिसे भारत हर साल 26 जनवरी को मनाता है, भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है। यह दिन भारत के संविधान के लागू होने और देश को एक गणतांत्रिक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का दिन है। भारत 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्र हुआ था, लेकिन संविधान के लागू होने के बाद, 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में दुनिया के सामने आया। यह संविधान ही था जिसने भारत के नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का अधिकार दिया। गणतंत्र दिवस न केवल हमारे लोकतंत्र के उत्सव का प्रतीक है, बल्कि यह हमारे संविधान की सफलता और भारत के विकास की दिशा का भी प्रतीक है।


