अखंड केसरी ब्यूरो :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह वायुसेना स्टेशन (AFS) आदमपुर का दौरा किया और वहां तैनात वीर वायु योद्धाओं तथा सैनिकों से मुलाकात की। इस विशेष अवसर को प्रधानमंत्री ने बेहद खास अनुभव बताया और कहा कि हमारे वीर जवान जिस साहस, संकल्प और निडरता का परिचय देते हैं, वह देश के लिए प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र हमारी सशस्त्र सेनाओं द्वारा दिए गए योगदान के लिए सदैव आभारी रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा का उद्देश्य सैनिकों का मनोबल बढ़ाना और उनके प्रति देश की कृतज्ञता प्रकट करना था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सेना की तैयारियों और उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जवानों के बीच होना गर्व की बात है जो हर परिस्थिति में देश की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। आदमपुर एयरबेस पर प्रधानमंत्री की यह उपस्थिति जवानों के लिए उत्साहवर्धक रही और पूरे देश में एक सकारात्मक संदेश गया।
