बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा:हमले के लिए पहले से दिए गए पैसे, हथियार भी मुहैया कराए गए

क्या इसका लॉरेंस गैंग से कोई नाता?

Baba Siddique Death News: मुंबई क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। आरोपियों को इस काम के लिए पहले से पैसे दिए गए थे। उन्हें कुछ दिन पहले ही हथियारों की डिलीवरी मिली थी। मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने पिछले 8 घंटों से आरोपियों से पूछताछ की है।

मुंबई/न्यूज डेस्क

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया गया है। दावा किया जा रहा है कि मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े हैं। हालांकि, इसका सूत्रों के हवाले से इसका दावा कई मीडिया रिपोर्ट्स में किया जा रहा है, लेकिन इस हमले की जिम्मेदारी अब तक गैंग की ओर से नहीं ली गई है।

दोनों आरोपियों की पहचान हुई

मुंबई पुलिस की गिरफ्त दोनों आरोपियों की पहचान करनैल सिंह और धर्मराज कश्यप के रूप में हुइ है। करनैल उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और धर्मराज हरियाणा का बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बाबा सिद्दीकी के घर और दफ्तर की रेकी की थी। वे डेढ़ से दो महीने से मुंबई में थे और उन पर नजर रख रहे थे। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। मुंबई क्राइम ब्रांच की कई टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं। मुंबई पुलिस के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। आरोपियों को इस काम के लिए पहले से पैसे दिए गए थे। उन्हें कुछ दिन पहले ही हथियारों की डिलीवरी मिली थी। मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने पिछले 8 घंटों से आरोपियों से पूछताछ की है।

आरोपियों ने खुद को बिश्नोई गैंग का बताया?

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुद को बिश्नोई गैंग का बताया। आरोपी पिछले 25-30 दिन वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। वे पूरे इलाके की रेकी कर रहे थे। तीनों आरोपी ऑटो रिक्शा से बांद्रा ईस्ट पहुंचे थे। तीनों आरोपियों ने कुछ समय वहीं बिताया और बाबा सिद्दीकी के आने का इंतजार करते रहे। इसके बाद उन्होंने बाबा सिद्दीकी को निशाना बनाया और गोली चलाई।

किसी और के इशारे पर काम रहे थे तीनों

दावा किया जा रहा है कि आरोपी किसी और के इशारे पर काम रहे थे। उन्हें उसके ही जरिए इनपुट मिल रहे थे। अंदरूनी जानकारी के जरिए वह शख्स आरोपियों को योजना के तहत काम करने के लिए रास्ता दिखा रहा था। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

क्या है मामला?

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की शनिवार रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में हत्या कर दी गई। उन पर तीन लोगों ने गोलियां चलाईं। वारदात को निर्मल नगर में कोलगेट मैदान के पास बाबा सिद्दीकी के बेटे और विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर अंजाम दिया गया। घटना के तुरंत बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के संबंध में निर्मल नगर पुलिस स्टेशन में अपराध पंजीकरण संख्या 589/2024, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109, 125 और 3(5) के साथ ही शस्त्र अधिनियम की धारा 3, 25, 5 और 27 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 और धारा 137 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था

कांग्रेस के पूर्व नेता सिद्दीकी (66) को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। बाबा सिद्दीकी ने विधानसभा में तीन बार बांद्रा (पश्चिम) सीट का प्रतिनिधित्व किया था। मुंबई के एक प्रमुख मुस्लिम नेता सिद्दीकी को कई बॉलीवुड सितारों के करीबी के रूप में भी जाना जाता था।

विपक्ष ने सरकार को घेरा

विपक्ष ने चौंका देने वाली इस घटना के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े गए। राज्य में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने है। चुनाव आयोग जल्द ही इनकी तारीखों का एलान कर सकता है।

Share This Article
Leave a comment