पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान शुरू, 638 उम्मीदवार मैदान में

Jharkhand Election 2024 Live: झारखंड चुनाव 2024 के पहले चरण में 43 सीटों पर 638 उम्मीदवार मैदान में। चुनाव आयोग (ECI) ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

झारखंड में आज लोकतंत्र का उत्सव शुरू हो चुका है। राज्य में विधानसभा चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं, जिनमें से पहले चरण का मतदान आज, 13 नवंबर को सुबह 7 बजे से शुरू हुआ है और शाम 5 बजे तक चलेगा। इस चरण में कुल 43 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। बाकी 38 सीटों पर मतदान दूसरे चरण में 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को महाराष्ट्र के साथ होगी, जबकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी, 2025 को समाप्त हो रहा है। कुछ संवेदनशील बूथों पर मतदान का समय केवल शाम 4 बजे तक रखा गया है।

38 सीटों पर मतदान दूसरे चरण में

कुल 43 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है, जिनमें से 17 सामान्य, 20 अनुसूचित जनजाति और 6 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। पहले चरण के लिए कुल 638 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 73 महिलाएं भी शामिल हैं। झारखंड विधानसभा में कुल 81 सीटें हैं, और शेष 38 सीटों पर मतदान दूसरे चरण में 20 नवंबर को होगा।

Live Updates: 

  • झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान पर भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा कि आज झारखंड में लोकतांत्रिक व्यवस्था का महापर्व है। यह अवसर पांच साल में एक बार ही आता है। मैं सभी नागरिकों से अनुरोध और आग्रह करता हूं कि वे मतदान करें और मतदान के लिए अपनी पूरी ताकत लगाएं।
  • जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट से एनडीए उम्मीदवार और जेडीयू नेता सरयू राय ने वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि 23 नवंबर को नतीजे बताएंगे कि क्या होगा. हमें उम्मीद है कि बदलाव होगा और राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी।
  • जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट से एनडीए उम्मीदवार और जेडीयू नेता सरयू राय ने जमशेदपुर पश्चिम के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। कांग्रेस के बन्ना गुप्ता उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
  • झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने  रांची के एक बूथ पर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और बड़ी संख्या में मतदान करें। जिस तरह से जम्मू-कश्मीर में मतदान हुआ, लोगों ने बड़ी संख्या में मतदान किया। इसे उत्सव की तरह मनाया जाना चाहिए।
  • झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची के एक बूथ पर पहुंचकर अपना वोट डाला‍।
  • झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान करने के लिए रांची के जवाहर नगर के एक बूथ पर कतार में खड़े लोग। इस बूथ पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतार देखी गई।
  • रांची से जेएमएम की उम्मीदवार महुआ माजी ने कहा कि मैं सभी से मुझे वोट देने की अपील करती हूं। मैं चाहती हूं कि यहां विकास हो। रांची राजधानी जैसी नहीं लगती और मैं इसे राजधानी में बदलना चाहती हूं…मुझे विभिन्न क्षेत्रों में काम करने का अनुभव है।

Share This Article
Leave a comment