लुधियाना वेस्ट के उपचुनाव में 51.33% वोटिंग: 23 को नतीजे आएंगे

लुधियाना। पंजाब की लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार (19 जून) को वोटिंग पूरी हो गई। इसके बाद सभी बूथों से EVM को खालसा कॉलेज फॉर वीमेन में बनाए स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचाई गईं। इसके नतीजे 23 जून को घोषित किए जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ और 6 बजे खत्म हो गया। वोटिंग के लिए 194 मतदान केंद्र बनाए गए थे। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, शाम 7 बजे तक 51.33% वोटिंग हुई। हालांकि, फाइनल आंकड़े आना बाकी हैं।

इस सीट पर 2022 में आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार गुरप्रीत गोगी की जीत हुई थी। हालांकि, कुछ समय पहले उनकी गोली लगने से मौत हो गई, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया। AAP ने यहां से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया। इसे लेकर चर्चा है कि अगर वह यहां से जीत जाते हैं तो उनकी जगह अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं।

वहीं, कांग्रेस ने यहां से पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को उम्मीदवार बनाया। वह 2012 और 2017 में इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं। अकाली दल से एडवोकेट परउपकार सिंह घुम्मन उम्मीदवार हैं। घुम्मन वही वकील हैं, जिन्होंने दिलरोज हत्याकांड में आरोपी को फांसी दिलवाई थी। इसके साथ ही भाजपा ने यहां से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पृष्ठभूमि वाले वरिष्ठ नेता जीवन गुप्ता को टिकट दिया है।

Share This Article
Leave a comment