तरनतारन। पंजाब के तरनतारन क्षेत्र में शुक्रवार मुख्यमंत्री भगवंत मान की रैली में शामिल होने जा रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की सरकारी पंजाब रोडवेज की बस पर कुछ युवकों ने अचानक हमला कर दिया। ये हमला मूसे गांव के कुछ युवकों ने किया। बस में सवार कार्यकर्ता झबाल जा रहे थे। जानकारी के अनुसार हमलावरों ने बस पर ईंट, पत्थर बरसाए और गोलियां चलाने का आरोप भी लगा। हमले में बस के शीशे टूट गए और सुरिंदर सिंह (पुत्र सुखदेव सिंह), अरविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, फुमण सिंह समेत 4 कार्यकर्ता घायल हो गए।

पंजाब रोडवेज की बस, जिस पर फायरिंग की गई।
पार्टी के सरपंच करनैल सिंह भी इस हमले में जख्मी हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के पीछे भाजपा से जुड़े युवकों का हाथ है। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
झबाल थाने में शिकायत दर्ज, क्षेत्र में तनाव

पंजाब रोडवेज की बस, जिस पर फायरिंग की गई।
घटना के बाद AAP कार्यकर्ताओं ने झबाल थाने में लिखित शिकायत दी है। इलाके में आपसी राजनीति के चलते माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पुलिस प्रशासन मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है। पार्टी नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर रैली को विफल करने की साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
