
लुधियाना में बस स्टेंड के बाहर नशे की हालत में झूमती युवती।
एक ऑटो ड्राइवर ने बताया कि “मैं रोज़ाना 200 रुपए की दिहाड़ी कमाने आता हूं, इनसे उलझना खतरे से खाली नहीं। इनके साथियों के पास धारदार हथियार होते हैं, पता नहीं कब हमला कर दें।”
रात में यात्रियों से होती लूटपाट
बस स्टैंड के पास दुकानदारों ने नाम ना लिखने की शर्त पर बताया कि रात के समय यात्रियों के साथ लूटपाट की घटनाएं आम हैं। यह सब नशे की पूर्ति के लिए किया जाता है। दो साल पहले भी इसी जगह से एक महिला का नशे में झूमते हुए वीडियो वायरल हुआ था। तब पुलिस और स्थानीय विधायक गुरप्रीत गोगी खुद मौके पर पहुंचे थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
सुनसान सड़कों पर घूमती मिलीं महिलाएं
पत्रकारों ने देर रात जब बस स्टैंड इलाके का जायजा लिया तो 4 से 5 महिलाएं सुनसान सड़कों पर घूमती मिलीं। पूछने पर उन्होंने बताया कि वे “ग्राहक ढूंढ रही हैं।” सूत्रों के अनुसार, इन महिलाओं की इलाके के कुछ होटल संचालकों से मिलीभगत है। वे बस से उतरने वाले यात्रियों को फुसलाकर होटलों में ले जाती हैं। कई बार उनके साथ पुरुष साथी भी छिपकर घूमते दिखाई देते हैं।
पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है। कुछ दिनों के लिए गश्त बढ़ा दी जाती है, लेकिन फिर वही हालात लौट आते हैं। लोगों ने प्रशासन से बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में सख्त निगरानी की मांग की है।
लगातार पेट्रोलिंग करवाई जाएगी- चौकी इंचार्ज
पुलिस चौकी कोछड़ मार्केट के इंचार्ज लखविंदर मसीह ने कहा कि लगातार पेट्रोलिंग इस इलाके में करवाई जाएगी। नशा तस्करों को पकड़ने के लिए छापामारी भी की जा रही है। बस स्टेंड चौकी के मुलाजिमों को भी कह दिया है कि वह इस तरह के लोगों से सख्ती से पेश आएं।
