आम आदमी पार्टी ने ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता को पंजाब से राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित

चंडीगढ। आम आदमी पार्टी ने ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता को पंजाब से राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस संबंध में AAP के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने इसका लेटर जारी कर दिया है। राजिंदर गुप्ता पंजाब के सबसे अमीर इंडस्ट्रियलिस्ट्स में से एक माने जाते हैं। उनकी कंपनी का करीब 5 हजार करोड़ का टर्नओवर है। गुप्ता को राज्यसभा भेजने की अटकलें शनिवार को ही लगनी शुरू हो गई थी।

उन्होंने पंजाब आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और काली माता मंदिर पटियाला की एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसे आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया। बता दें कि कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के लुधियाना वेस्ट सीट से विधायक चुने जाने के बाद पंजाब में एक राज्यसभा सीट खाली हो गई थी।

पहले इस सीट से अरविंद केजरीवाल और फिर मनीष सिसोदिया के राज्यसभा जाने की चर्चा थी। हालांकि किसी बाहरी को पंजाब से राज्यसभा भेजने पर 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाबी नाराज न हो जाएं, इसलिए पार्टी ने यह रिस्क नहीं उठाया। पंजाब में राज्यसभा चुनाव का नोटिफिकेशन कल यानी 6 अक्टूबर को होगा। 13 अक्टूबर नामिनेशन की आखिरी तारीख है। 14 अक्टूबर को स्क्रूटनी के बाद 16 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 24 अक्टूबर को वोटिंग और इसी दिन शाम को काउंटिंग होगी। विपक्षी दल कांग्रेस, SAD और भाजपा ने अभी चुनाव लड़ने का फैसला नहीं लिया है।

राजिंदर गुप्ता को साल 2007 में उद्योग और समाज सेवा में योगदान के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने पद्मश्री से सम्मानित किया था।- फाइल फोटो
राजिंदर गुप्ता को साल 2007 में उद्योग और समाज सेवा में योगदान के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने पद्मश्री से सम्मानित किया था।- फाइल फोटो

पंजाब से अभी 6 राज्यसभा मेंबर, सभी AAP के, गुप्ता की जीत भी तय

पंजाब से इस समय राज्यसभा से 6 मेंबर हैं। ये सभी AAP के ही नेता हैं। इनमें कारोबारी विक्रमजीत सिंह साहनी, संत बलबीर सिंह सीचेवाल, AAP के नेता राघव चड्‌ढा और संदीप पाठक, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह व लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर व उद्योगपति अशोक मित्तल शामिल हैं। इस चुनाव में AAP की जीत तय है। इस समय पंजाब में 117 विधायकों में से 93 विधायक आम आदमी पार्टी के हैं। वहीं, शिरोमणि अकाली दल (SAD) के 3, कांग्रेस के 16, भाजपा के 2, बहुजन समाज पार्टी के पास एक और एक आजाद विधायक है। एक सीट अभी तरनतारन की खाली पड़ी हुई है।

पिछले साल राजिंदर गुप्ता ने तिरूपति बालाजी मंदिर को 21 करोड़ रुपए दान किए थे। यह राशि राजिंदर गुप्ता ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के एसवी प्राणदान ट्रस्ट को सौंपी थी। इस मौके उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।
पिछले साल राजिंदर गुप्ता ने तिरूपति बालाजी मंदिर को 21 करोड़ रुपए दान किए थे। यह राशि राजिंदर गुप्ता ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के एसवी प्राणदान ट्रस्ट को सौंपी थी। इस मौके उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।
Share This Article
Leave a comment