सियासी हलचल: आम आदमी पार्टी की विधायक अनमोल गगन मान ने विधायक पद से दिया इस्तीफा

खरड़। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक अनमोल गगन मान ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।  उन्होंने X पर लिखा- ‘मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। स्पीकर से अनुरोध है कि मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।’

अनमोल गगन मान मशहूर पंजाबी सिंगर हैं। 2022 विधानसभा चुनाव में वह मोहाली की खरड़ विधानसभा सीट से AAP विधायक बनी थीं। चुनाव जीतने के बाद उन्हें पर्यटन व संस्कृति मंत्री बनाया गया। हालांकि, 2024 में फेरबदल के बाद उनकी मंत्रिमंडल से छुट्टी हो गई थी। पिछले कुछ समय से वह राजनीतिक गतिविधियों से दूर थीं।

2020 में जॉइन की थी आम आदमी पार्टी

अनमोल गगन मान ने वर्ष 2020 में आम आदमी पार्टी जॉइन की थी। वह 2022 के विधानसभा चुनाव में खरड़ सीट पर अकाली दल के रणजीत सिंह गिल को 37,718 वोट से हराकर MLA बनीं। वह आम आदमी पार्टी के उन सबसे युवा विधायकों में शामिल थीं जो 2022 के विधानसभा चुनाव में जीते। अनमोल गगन मान ने पंजाब में AAP का कैंपेन सॉन्ग भी तैयार किया था।

अनमोल ने जिन्हें हराया, वह ले सकते हैं उनकी जगह

अनमोल गगन मान का इस्तीफा अगर मंजूर हुआ तो खरड़ विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। ऐसे में अनमोल गगन मान की जगह रणजीत सिंह गिल यहां से AAP के उम्मीदवार हो सकते हैं। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और रियल एस्टेट कारोबारी रणजीत सिंह गिल ने अनमोल के इस्तीफे से एक दिन पहले ही, अकाली दल छोड़ने का ऐलान कर दिया था। 2022 में अनमोल ने रणजीत सिंह को ही हराया था।

Share This Article
Leave a comment