चंडीगढ़ पुलिस ने आईपीएल मैचों पर सट्टेबाजी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़: गिरोह दुबई से ऑपरेट; चार आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़।  चंडीगढ़ पुलिस ने आईपीएल मैचों में सट्टेबाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन सेल ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि यह गिरोह विदेश (दुबई) से ऑपरेट किया जा रहा था। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सामान बरामद हुआ है। आरोपियों से पुलिस ने 43 मोबाइल, 6 लैपटॉप, 2 टेबलेट्स, एक एलईडी स्क्रीन, 2 वाईफाई राउटर, पोर्टेबल जुए का बॉक्स और बैटिंग आर्टिकल बरामद किया है।

आरोपियों की पहचान सेक्टर-33 निवासी हरदीप सिंह उर्फ जॉली (50), संतोष (19), भुवन (25) और सेक्टर-20 पंचकूला के रहने वाले दीपक उर्फ दीपू पेप्सी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सट्टेबाजी के लिए किराये पर मकान लिया हुआ था।

एसपी ऑपरेशन गितांजी खंडेलवाल और डीएसपी विकास शौकंद ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि उनके ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर रणजीत सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-33 में हरदीप सिंह, दीपक, विशू, संतोष और भुवन आईपीएल मैचों में सट्टेबाजी कर रहे हैं।

पुलिस द्वारा पकड़ा गए इस गिरोह के सदस्य मैच के विभिन्न पहलुओं पर दांव लगाते थे, जैसे कि विकेट गिरने की संख्या, विशिष्ट ओवर में बनाए गए रन, व्यक्तिगत खिलाड़ी के प्रदर्शन पर दांव और गेंद दर गेंद की भविष्यवाणी।

गिरोह के सदस्य ऑफलाइन भुगतान विधि का उपयोग करते थे, जिसमें नकद के माध्यम से दांव लगाया जाता था। उनके कुछ सदस्य दुबई से संचालित होते थे। पुलिस ने गिरोह के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से उनके नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरोह के सदस्य कैसे काम करते थे और उनके वित्तीय लेनदेन कैसे होते थे।
Share This Article
Leave a comment