मोहाली। पंजाब के कॉमेडी किंग जसविंदर भल्ला का आज कुछ ही देर में मोहाली में अंतिम संस्कार होगा। उनका पार्थिव शरीर पहले फोर्टिस अस्पताल से एम्बुलेंस में घर लाया गया था और कुछ समय के लिए घर के आंगन में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। भल्ला को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और फिल्मी जगत से जुड़े सितारे भी पहुंचे हैं। इनमें एक्ट्रेस नीरू बाजवा और गिप्पी ग्रेवाल समेत कई नामी हस्तियां शामिल हैं।
अब उनके पार्थिव शरीर को फूलों से सजी फ्यूनरल बस में अंतिम यात्रा के लिए निकाल दिया गया है। उधर, मोहाली के श्मशान घाट पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। माना जा रहा है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी भल्ला को श्रद्धांजलि देने पहुंच सकते हैं। कल, शुक्रवार को 65 साल की उम्र में ब्रेन स्ट्रोक से जसविंदर भल्ला का निधन हुआ था। उनका जन्म 4 मई 1960 को लुधियाना के छोटे कस्बे दोराहा में हुआ था।




