चंडीगढ़। हरियाणा के पिंजौर में बाइक हादसे से घायल हुए पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में जवंदा को अभी भी वेंटिलेटर पर रखा गया है। अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक उनकी दिमागी हालत बहुत गंभीर बनी हुई है। उनके दिमाग में बहुत कम हलचल हो रही है। उनके दिमाग के MRI स्कैन में हाइपोक्सिक बदलाव दिखे हैं।
जिसके मुताबिक उनके शरीर में ऑक्सीजन की कमी है। जिस वजह से शरीर के अंगों को पर्याप्त ऑक्सीजन न मिलने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा रीढ़ की हड्डी की MRI में पता चला कि उनकी गर्दन और पीठ के हिस्से में काफी गहरी चोट लगी है। रीढ़ की हड्डी की गंभीर चोट की वजह से उनके हाथ और पैर बहुत कमजोर हो गए हैं।
डॉक्टरों के मुताबिक इसी वजह से उन्हें लंबे समय तक वेंटिलेटर पर रखने की जरूरत है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल 24 घंटे न्यूरोसर्जरी और क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
- 27 सितंबर– दोपहर 1:45 बजे राजवीर जवंदा को फोर्टिस अस्पताल, मोहाली लाया गया। सड़क हादसे में उन्हें सिर और रीढ़ की गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें पहले कार्डियक अरेस्ट भी हुआ। अस्पताल पहुंचते ही उन्हें एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट पर रखा गया। हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी।
- 28 सितंबर– डॉक्टरों ने बताया कि राजवीर अभी भी वेंटिलेटर पर हैं। न्यूरोसर्जरी और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम लगातार निगरानी और इलाज कर रही है।
- 29 सितंबर– डॉक्टरों ने बताया कि स्थिति में मामूली सुधार है, लेकिन वह अब भी वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। उनकी निगरानी न्यूरोसर्जरी और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम कर रही है।

रविवार को CM मान पहुंचे थे अस्पताल
पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा की हालत जानने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार दोपहर को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल पहुंचे थे। वहां उन्होंने डॉक्टरों से जवंदा की तबीयत को लेकर अपडेट ली। सीएम ने कहा था कि शनिवार के मुकाबले जवंदा की हालत में थोड़ा सुधार हुआ है। उस दिन कई पंजाबी सिंगर्स भी अस्पताल पहुंचे थे और सभी ने उनके जल्द ठीक होने की अरदास की थी।
सांडों की वजह से जीप से टकराई बाइक
राजवीर जवंदा का एक्सीडेंट 27 सितंबर (शनिवार) को पिंजौर-नालागढ़ रोड पर हुआ। वे बाइक से बद्दी से शिमला जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, रोड पर दो सांड आपस में लड़ रहे थे, जिनसे बचने के चक्कर में जवंदा की बाइक सामने से आ रही जीप से टकरा गई।
जवंदा को दो बार किया रेफर
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के बाद जवंदा को पास के शौरी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर विमल के मुताबिक, उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें बाहर ही चेक करना पड़ा। वे बेसुध थे और पल्स बहुत धीमी थी। प्राथमिक इलाज के बाद पहले पंचकूला रेफर किया गया, फिर हालत गंभीर देखते हुए मोहाली के फोर्टिस अस्पताल भेजा गया।
