मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में पराली प्रबंधन पर अहम बैठक: ‘उन्नत किसान’ ऐप से मिलेगी किसानों को सहायता”**

अखंड केसरी ब्यूरो :-पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में आज पराली प्रबंधन को लेकर अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आने वाले दिनों में किसानों को पराली जलाने के प्रति जागरूक करने पर विशेष चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने सभी जिला अधिकारियों (डीसी) को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करें और उन्हें वैकल्पिक समाधान उपलब्ध कराएं। बैठक में बताया गया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को पराली प्रबंधन के लिए आवश्यक मशीनरी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिसके लिए ‘उन्नत किसान’ ऐप भी लॉन्च किया गया है। इस ऐप के माध्यम से किसान न केवल पराली प्रबंधन के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, बल्कि सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता का भी लाभ उठा सकेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के किसान अब लगातार जागरूक हो रहे हैं और पराली जलाने की घटनाओं में भी निरंतर कमी आ रही है। सरकार के प्रयासों और किसानों की जागरूकता से आने वाले समय में पराली जलाने की घटनाओं में और भी कमी आएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ खेतों की उर्वरता भी बनी रहेगी।

Share This Article
Leave a comment