अखंड केसरी ब्यूरो:-पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राखी के अवसर पर महिलाओं को एक विशेष तोहफा दिया है, जो राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने पूरे पंजाब की बहनों को राखी की शुभकामनाएं देते हुए घोषणा की कि जल्द ही आंगनवाड़ी में 3,000 खाली पदों को भरा जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने नवनियुक्त सुपरवाइजर महिलाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे, जिसे उन्होंने अपनी बहनों के लिए राखी का विशेष तोहफा बताया।
बरनाला में आयोजित सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। चाहे वह शिक्षा के क्षेत्र में हो, खेल के मैदान में या किसी अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्र में, महिलाएं अपनी मेहनत और समर्पण से नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में पंजाब की बहनों के लिए और भी बड़ी जिम्मेदारियों और उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त होगा, और उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी बहनें जहां भी जाएंगी, सफलता के झंडे गाड़ेंगी।


