पंजाब के लुधियाना में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने निकाय चुनाव के प्रचार के लिए रोड शो निकाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं लुधियाना को बहुत अच्छे से जानता हूं। क्योंकि मैंने अपने करियर की शुरुआत ही लुधियाना से की है।
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना
पंजाब में हो रहे नगर निकाय चुनावों के लिए वीरवार को प्रचार का आखिरी दिन है। प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना में रोड शो निकाला। अपने रोड शो के दौरान सीएम भगवंत मान ने कहा कि लुधियाना उनकी कर्मभूमि है। जब साढ़े 17 साल के थे तो काम के लिए लुधियाना आ गए थे। यहीं से उन्होंने अपनी कलाकारी के करियर की शुरुआत की थी। नगर निगम चुनाव के आखिरी दिन प्रचार के लिए सीएम मान लुधियाना पहुंचे थे। आरती चौक से रोड शो की शुरुआत करते हुए उन्होंने आप उम्मीदवारों के हक में वोट मांगे। इस दौरान लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।
रोड शो के दौरान सीएम भगवान सिंह मान ने कहा कि आज मैं घूमर मंडी में आया हूं, यह मार्केट मेरे लिए कोई नई मार्केट नहीं है। मैंने अपने करियर की शुरुआत इसी मार्केट से की थी। भगवंत मान ने कहा कि वह लुधियाना के लोगों से निवेदन करने आया हूं कि निगम चुनाव में ईवीएम में जहां भी झाड़ू का बटन दिखे, उसे दबा दो। पहले निगमों में कभी विकास हुआ ही नहीं। यदि विकास कार्य में कोई कमी रह जाए तो अगली बार वह लोग किस चेहरे से वोट मांगने आएंगे। इसलिए विकास करना उनकी पहल है।
लुधियाना की एक-एक सड़क को जानता हूं
भगवंत मान ने कहा कि जहां भी जाते है लोगों का प्यार मिल रहा है। बाकी पार्टियों का यह हाल है कि लोग उनसे हाथ मिलाने से भी डरते हैं कि कहीं हाथ से अंगुली ही न उतार ले। मान ने कहा कि मैं लुधियाना की एक एक सड़क से परिचित हूं। शहर का नक्शा मुझे पता है। मुझे पता है कि कहां क्या दिक्कत लोगों को आ रही है। मुझे खुद नहीं पता था कि मैं कभी लुधियाना आऊंगा। लुधियाना ने मुझे बहुत प्यार दिया है। लोग यदि अन्य दलों का बटन दबाएंगे तो उन्हें ध्यान रखना पड़ेगा।
घर आ रही लक्ष्मी को मना न करें
मान ने सुखबीर सिंह बादल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने भगवान के नाम पर पाप किए हैं आज वह माफियां मांग रहे हैं। कुछ पार्टियों के यह हालात बन गए हैं कि उनकी पार्टी के नाम और चुनाव निशान ही मशीनों से गायब हो गया हैं। भगवान की चक्की चलती जरूर धीमीं है लेकिन पीसती बहुत बारीक है। आज विरोधियों की भगवान ने बुद्धि भ्रष्ट की है। दूसरे दलों के उम्मीदवार रुपये वाले हैं। वे आज रात को या कल रात को पैसे देने लोगों के पास जरूर आएंगे इसलिए लोग उन्हें मना न करें। घर आ रही लक्ष्मी को कभी वापस नहीं करना चाहिए। वह रुपये लोगों से की हुई लूट के ही हैं। बाकी लुधियाना के लोग खुद ही समझदार है उन्हें कहां वोट देनी है लोगों को सब पता है।
लोगों के बीच न आने वाले नेता आज घरों में
मान ने कहा कि हमारी पार्टी धर्म की राजनीति नहीं करती। शहरों में पानी के सिस्टम को सही किया जाएगा। बुड्ढा दरिया को साफ करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। लुधियाना में लोग झाड़ू घुमाने के लिए तैयार हैं। लोगों के बीच आकर अपनापन मिलता है। जो नेता लोगों के बीच नहीं आते आज वह लोग अपने घरों में बैठे हैं।