जालंधर, 13 जनवरी: जिला उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आज जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में पहुंचकर वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ पारंपरिक रूप से लोहड़ी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ने बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया, उनका हालचाल जाना और उन्हें कंबल, मूंगफली, रेवड़ी, चावल की टिक्कियां आदि वितरित कीं। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक का कार्य करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन सभी नागरिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल एवं सहयोग के लिए हर समय तत्पर है। डिप्टी कमिश्नर ने बुजुर्गों को आश्वासन दिया कि उन्हें किसी भी प्रकार की प्रशासनिक सहायता की आवश्यकता हो तो वे बिना किसी संकोच के जिला प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। इससे पहले जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव सुरजीत लाल ने डॉ. हिमांशु अग्रवाल का वृद्धाश्रम में आगमन पर स्वागत किया और जिला प्रशासन से मिल रहे निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अकाउंटेंट नेक राम, एडवोकेट राकेश कुमार, मैनेजर रामलाल, सुरेंद्र सिंह, सुरेखा शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
