मुक्तसर। पंजाब के मुक्तसर में गुरुवार देर रात पटाखा फैक्ट्री में धमाका हो गया। 4 वर्करों की मौत हो गई, एक की हालत गंभीर है। अभी कई मलबे में दबे हुए हैं। बचाव एवं राहत कार्य जारी है। घायलों को बठिंडा एम्स में भेजा गया है फैक्ट्री में कुल 40 लोग काम करते थे।
घटना सिंघेवाला गांव में रात 1.30 बजे हुई। यहां काम करने वाले वर्कर अरुण ने बताया कि “हम रात की शिफ्ट के बाद सो रहे थे, तभी अचानक धमाका हुआ और कई लोग मलबे के नीचे दब गए। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री की इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया।”
लंबी के डीएसपी जसपाल सिंह ने बताया कि अब तक मलबे से चार शव निकाले जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री वैध थी। लाइसेंस भी है। फैक्ट्री रिहायशी इलाके से दूर खेतों में बनाई गई थी। कारणों की जांच की जा रही है।


