लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में रविवार को लाडोवाल टोल प्लाजा करीब पौना घंटा फ्री रहा। भारतीय किसान मजदूर यूनियन दोपहर करीब डेढ़ बजे टूटे राहों सड़क को लेकर टोल प्लाजा का घेराव करने पहुंची। किसानों के टोल फ्री करने के कुछ देर बाद साहनेवाल की SDM जसनीत कौर और DCP हरपाल सिंह मौके पर पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने किसानों को समझाया। उन्होंने कहा कि कल (22 सितंबर) से सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके बाद किसानों ने अपना धरना खत्म कर दिया। इससे पहले टोल प्लाजा मैनेजर विपन किसानों से मिले। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर टोल प्लाजा फ्री न करने की अपील की। उन्होंने कहा- हम किसानों का सपोर्ट करते हैं, लेकिन दूसरी सड़कों से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। इस बारे में आपको DC से बात करनी चाहिए। उधर, किसानों के धरने को लेकर पुलिस अलर्ट रही। टोल प्लाजा के आसपास 2 से 3 थानों की फोर्स और पुलिस चौकियों के मुलाजिम तैनात किए गए।

कल से रोड का मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा
एसडीएम जसनीत कौर ने बताया कि राहों रोड के कुछ ग्रामीण टोल प्लाजा पर आए थे। उनकी मांग है कि सड़क की मरम्मत की जाए, क्योंकि सड़क की हालत बहुत खराब है। इस रोड पर कई जगह रेहड़ी-फड़ियां भी लगी रहती हैं, जिससे लोगों को दिक्कत आती है। इस बारे में डिप्टी कमिश्नर पहले ही आदेश दे चुके हैं कि कब्जे हटाए जाएं।
राहों रोड पर फोन लाइन बिछाने का काम चल रहा है, जिसके कारण बिजली के खंभे हटाने पड़ेंगे। खंभे तभी हटेंगे जब बिजली सप्लाई बंद करके कट लगाए जाएंगे। यह लंबी प्रक्रिया है, इसी वजह से सड़क का काम रुका हुआ था। अब लोगों की मांग के अनुसार, जहां खंभे नहीं आ रहे, वहां से कल से सड़क का काम शुरू किया जाएगा। टूटी हुई सड़कों पर पैचवर्क भी करवाया जाएगा। सड़क बनाने के लिए पैसा पहले ही पास हो चुका है, सिर्फ प्रोजेक्ट में थोड़ा बदलाव किया गया था।

- सड़कों की खराब हालत से परेशान: भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रधान दिलबाग सिंह गिल ने बताया कि गांव मंगली से लाडोवाल टोल तक सड़कों की हालत खराब है, जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
- राहों रोड पर वाहन नहीं चला सकते हैं: उन्होंने कहा कि राहों रोड की हालत इतनी खराब है कि कोई भी व्यक्ति वाहन लेकर नहीं जा सकता। यदि कोई गर्भवती महिला राहों रोड से गुजरे तो उसे बड़ी समस्या हो सकती है। इसके अलावा, शाम के समय गांव मंगली से बस्ती जोधेवाल चौक तक रेहड़ी-फड़ियां लगने से जाम की स्थिति बन जाती है।
- टोल वसूलने के बाद सुविधाएं नहीं दे रहे: दिलबाग सिंह ने कहा कि लिंक सड़कों में बरसात के बाद इतने गड्ढे हो गए हैं कि रोजाना कई वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि टोल कर्मी वाहन चालकों से मोटा टोल वसूलते हैं। लेकिन लोगों को सुविधाएं बिल्कुल नहीं दी जा रही हैं। इसी वजह से लोगों से बड़ी संख्या में एकत्र होने का अनुरोध किया।









