कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में किसानों ने रेलवे ट्रैक पर दिया धरना

कंगना को थप्पड़ मारने वाली कांस्टेबल का भाई भी पहुंचा

कपूरथला/संवाद न्यूज एजेंसी

कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में किसानों ने रेलवे ट्रैक पर धरना दिया। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने जिला अध्यक्ष सरवन सिंह बाऊपुर के नेतृत्व में किसानों ने शुक्रवार को सुल्तानपुर लोधी रेलवे स्टेशन पर ट्रैक जाम कर दिया। ट्रैक पर दरिया बिछाकर किसान बैठ गए और सोमनाथ एक्सप्रेस को रोक दिया। किसानों ने केंद्र व पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों के ट्रैक पर बैठने से कई ट्रेनों का आवागमन थम गया।

किसानों के इस प्रदर्शन में चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद व बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत को थप्पड़ मारने वाली सीआरपीएफ की महिला जवान कुलविंदर कौर का भाई शेर सिंह माहीवाल भी शामिल
है। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के जिला अध्यक्ष सरवन सिंह बाऊपुर ने कहा कि धान के सीजन में किसान मंडियों में परेशान हो रहा है। उसकी फसल नहीं खरीदी जा रही है और मंडियों में फसल के ढेर लगे हुए हैं। मंडिया में किसान-मजदूरों को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को ब्लैकमेल किया जा रहा है। वहीं बाजारों में सरकार की ओर से निर्धारित धान के दाम से भी कम दर पर धान खरीदा जा रहा है। इस खुली लूट को लेकर न तो प्रदेश सरकार और न ही केंद्र सरकार गंभीर हैं।

उन्होंने कहा कि जब तक उनकी फसल एमएसपी पर नहीं खरीदी जाती है, तब तक वह धरना नहीं उठाएंगे। साथ ही उन्होंने इस धरने की वजह से यात्रियों को होने वाली परेशानी के लिए माफी भी मांगी है।

इस मौके पर शेर सिंह महिवाल, भजन सिंह खिजरपुर, मलकीत सिंह, प्यारा सिंह प्रधान जोन, बलजिंदर सिंह शेरपुर, बाबा निशान सिंह, जोन सचिव रछपाल सिंह संधू, जसवंत सिंह संधू, बलविंदर सिंह बंब सरपंच, मुख्तियार सिंह, हरविंदर सिंह उच्चा, वीर सिंह उच्चा, हरजीत सिंह देसल, मेजर सिंह तलवंडी चौधरी, हरजिंदर सिंह, सोनू तारपुर, सतनाम सिंह उच्चा, सरबजीत सिंह प्रेस सचिव, सनी, हरदेव सिंह, गुरनाम सिंह, जतिंदर सिंह, काला उच्चा, मलकीत सिंह, सुभदीप उच्चा और नरिंदर सिंह आदि उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a comment